
सिंगरौली। जिले के मोरवा थाना क्षेत्र अंतर्गत चटका बस्ती में शुक्रवार रात को एक 24 वर्षीय महिला ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। हत्या की जानकारी उसके पति को तब लगी जब वह देर रात उसके कमरे में गया। वहां का नजारा देख उसके होश उड़ गए। महिला ने साड़ी बांधकर पंखे से खुदकुशी कर ली थी। देर रात आस-पड़ोस समेत मोरवा पुलिस को इसकी सूचना दी गई। इसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार 24 वर्षीय शिवांगी भास्कर की शादी वर्ष 2019 की जून माह चटका निवासी संजीव कुमार से हुई थी। इनका तीन वर्षीय एक पुत्र भी है। घटना के बाद मृतका के ससुर लालचंद साकेत ने मोरवा थाने में तहरीर दर्ज कराई की उनका पुत्र शाम करीब 5 बजे ड्यूटी से घर आया था और खाना खाकर सो गया था। जब वह रात करीब 11 बजे कमरे में गया तो देखा कि उसकी पत्नी शिवांगी पंखे से लटकी हुई है। हल्लागुहार कर उसने सबको बताया जिसके बाद उन्होंने उसे नीचे उतारा, पर तब तक उसने दम तोड़ दिया था।
