श्रीलंका की महिला टीम ने दक्षिण अफ्रीका को पांच विकेट से हराया

कोलंबो (वार्ता) मालकी मदारा (चार विकेट), देवमी विहंगा (तीन विकेट) की शानदार गेंदबाजी के बाद हर्षिता समाराविक्रमा (77) और कविशा दिलहारी (61) रनों की बेहतरीन पारियों की बदौलत श्रीलंका की महिला टीम ने शुक्रवार को त्रिकोणीय श्रृंखला के तीसरे एकदिवसीय मुकाबले में 21 गेंदे शेष रहते दक्षिण अफ्रीका को पांच विकेट से हरा दिया है।

दक्षिण अफ्रीका की महिला टीम के 235 रनों के जवाब में बल्लेबाजी करने उतरी श्रीलंका की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसने तीसरे ही ओवर कप्तान चामरी अट्टापट्टू (छह) रन का विकेट गवां दिया। इसके बाद विष्मी गुणारत्ने ने हसिनी परेरा के साथ पारी को संभालने का प्रयास किया। 15वें ओवर में एन म्लाबा ने विष्मी गुणारत्ने (29) को पगबाधा आउटकर श्रीलंका को दूसरा झटका दिया। इसके बाद हर्षिता समाराविक्रमा ने मोर्चा संभाला। 18वें ओवर में सुने लूस ने हसिनी परेरा (42) को आउटकरा पवेलियन भेज दिया। बल्लेबाजी करने आयी कविशा दिलहारी ने समाराविक्रमा के साथ 128 रनों की रिकार्ड साझेदारी कर श्रीलंका की जीत की नींव रखी। कविशा दिलहारी ने 75 गेंदों में (61) रनों की पारी खेली। कविशा को एन म्लाबा ने आउट किया। हर्षिता समाराविक्रमा ने 93 गेंदों में (77) रन बनाये। श्रीलंका के पांचवें विकेट के रूप में हर्षिता को डी क्लर्क ने आउट किया। श्रीलंका ने 46.3 ओवर में पांच विकेट पर 237 रन बनाकर मुकाबला पांच विकेट से जीत लिया। नीलाक्षी डिसिल्वा (11) और अनुष्का संजीवनी (एक) रन बनाकर नाबाद रही।

दक्षिण अफ्रीका की ओर से एन म्लाबा ने दो विकेट लिये। मासाबाटा क्लास, नडीन डी क्लर्क और सुने लूस ने एक-एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।

इससे पहले आज यहां श्रीलंका की महिला टीम ने टॉस जीतकर दक्षिण अफ्रीका को बल्लेबाजी का न्यौता दिया। बल्लेबाजी करने उतरी दक्षिण अफ्रीका की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसने कप्तान लॉरा वुलफार्ट (10) और तेजमिन ब्रिट्स (14) रन के विकेट जल्द गवां दिये। मालकी मदारा ने वुलफार्ट को और सुगंधिका कुमारी को ब्रिट्स ने बोल्ड आउट किया। इसके बाद करबो मेसो (नौ) रन बनाकर आउट हुई। लारा गुडॉल और सुने लूस ने पारी संभालने का प्रयास किया। लेकिन वे भी अधिक देर तक पिच पर नहीं टिक सकी। 29वें ओवर में देवमी विहंगा ने सुने लूस (31) को बोल्ड कर श्रीलंका पांचवीं सफलता दिलाई। क्लोई ट्राइऑन (35), एन डी क्लार्क (17), मासाबाटा क्लास (चार) और एम म्लाबा (शून्य) पर आउट हुई। एनेरी डर्कसेन ने 60 गेंदों में (नाबाद 61) रनों की पारी खेली। श्रीलंकाई गेंदबाजों ने दक्षिण अफ्रीकी बल्लेबाजों को खुलकर खेलने नहीं दिया। दक्षिण अफ्रीका ने निर्धारित 50 ओवरों में नौ विकेट पर 235 रन का स्कोर खड़ा किया। अयाबोंगा खाका (दो) रन बनाकर नाबाद रही।

श्रीलंका की ओर से मालकी मदारा ने चार विकेट लिये। देवमी विहंगा को तीन विकेट मिले। सुगंधिका कुमारी और इनोका रनावीरा ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।

Next Post

लव-जिहाद के मुख्य आरोपी फरहान का पुलिस कस्टडी से भागने की कोशिश में शॉर्ट एनकाउंटर

Sat May 3 , 2025
भोपाल। कॉलेज छात्राओं को ड्रग्स, सेक्स, धोखे और ब्लैकमेलिंग के मामले में लव-जिहाद के मुख्य आरोपी फरहान का शुक्रवार देर रात को शॉर्ट एनकाउंटर हुआ। पुलिस के अनुसार, मेडिकल के दौरान फरहान ने भागने की कोशिश की और पुलिस पर हमला कर दिया। इस दौरान हुई झूमाझटकी में पुलिस ने […]

You May Like