
भोपाल। राजधानी के टीलाजमालपुरा पुलिस ने कुख्यात बदमाश और जुआरी अरशद उर्फ बब्बा को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बदमाश अरशद को कांग्रेस नगर इलाके में नाले के किनारे जुआ खिलाते समय हिरासत में लिया.
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पुलिस टीम ने कांग्रेस नगर नाले के पास दबिश दी। मौके पर अंधेरे का फायदा उठाकर कुछ जुआरी भागने में सफल रहे, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर कुख्यात बदमाश अरशद उर्फ बब्बा (36 वर्ष), निवासी कांग्रेसनगर को पकड़ लिया।
जांच में पता चला कि अरशद बब्बा टीलाजमालपुरा थाने के एक महिला संबंधी अपराध और हनुमानगंज थाने के मारपीट के एक मामले में फरार चल रहा था, और इन दोनों मामलों में न्यायालय द्वारा उसकी गिरफ्तारी के लिए वारंट जारी किए गए थे.
थाना प्रभारी डीपी सिंह ने बताया कि गिरफ्तार बदमाश अरशद बब्बा का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है, जिसमें हत्या के प्रयास, लूट, मारपीट, अवैध हथियार रखने और जुआ एक्ट जैसे कई गंभीर अपराध शामिल हैं। गिरफ्तार आरोपी अरशद बब्बा को शुक्रवार को न्यायालय में पेश किया गया है
