आनलाईन खेल में पैसे लगाने के लिए करता था वारदात
20 ग्राम सोने की चैन के साथ आरोपी को पकड़ा
इंदौर: सराफा पुलिस ने थाना क्षेत्र में हुई चैन स्नैचिंग की वारदात के मात्र 6 घंटे में ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. आरोपी ऑनलाईन खेल आर्बिट्रेज में पैसे लगाने का आदी है, जिसमे हुए नुकसान की भरपाई के लिए वह चैन स्नैचिंग की घटना को अंजाम देने लग गया था. आरोपी ने सिलावटपुरा व छत्रीपुरा थाना क्षेत्र में कई दिनों से अलग-अलग वारदात करने में था सक्रिय. पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 20 ग्राम सोने की चैन भी जब्त की है. पुलिस आरोपी से अन्य वारदातों के बारे में पूछताछ कर रही है.
पुलिस उपायुक्त जोन-4 ऋषिकेश मीना ने बताया कि थाना प्रभारी सराफा सुरेन्द्र सिंह रघुवंशी और उनकी टीम द्वारा घटना को अंजाम देने वाले अज्ञात चैन स्नैचर को पकड़ने में सफलता प्राप्त की है.
आरोपी ने शनिवार की दोपहर सहकारिता विभाग के कर्मचारी ओमप्रकाश जायसवाल के साथ उस समय वारदात की थी जब वह डाक लगाने जा रहे थे, तभी मारवाडी कन्या स्कूल के पास नलिया बाखल में एक अज्ञात व्यक्ति मुंह पर कपड़ा बांधे हुए पीछे से आया और जायसवाल के गले में झपट्टा मारकर गले में पहनी चैन छीन कर भाग गया. फरियादी की रिपोर्ट पर थाना प्रभारी सराफा के नेतृत्व में चार अलग-अलग टीमें बनाई गई जिन्होने अज्ञात चैन स्नैचर की तलाश में तत्काल टीमों को ब्रीफ कर आरोपी के आने-जाने के फुटेज के साथ ही आसपास के थानो में हुए इस प्रकार की वारदातों की फुटेज तत्काल कलेक्ट किए.
जिससे आरोपी का फार्वर्ड और बैक रुट तैयार किया गया. हुलिया और कद काठी समझ आने पर मुखबिर तंत्र तैयार किया गया उक्त कार्रवाई मे महज छः घंटे के भीतर ही मुखबिर सूचना मिलते ही 19 वर्षीय आरोपी अक्षत पिता राजेश मालवीय को सराफा पुलिस टीम ने दल बल के साथ 20 ग्राम सोने की चैन के साथ लक्ष्मीबाई औद्योगिक क्षेत्र किला मैदान के पास धर दबोचा. अक्षत सिलावट पुरा का रहने वाला है. पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया.
एक अन्य घटना में हो गया था असफल
आरोपी अक्षत ने पुलिस को वारदात के बारे में यह बताया कि वह ऑनलाईन खेल आर्बिट्रेज में पैसे लगाने का आदि था, जिसमें किसी भी खेल में किसी भी टीम के हारने या जितने पर भी उसका प्रॉफिट तय था. किन्तु अकाउंट फ्रिज होने से 30 हजार रुपए अटक जाने से और जेब मे कोई पैसा न होने से स्नैचिंग का तरीका अपनाया. आरोपी अक्षत ने पुलिस को यह भी बताया कि उसने शुक्रवार को भी थाना पंढरीनाथ मे स्नैचिंग की घटना को अंजाम दिया था, जिसमें वह असफल हो गया था.
