नयी दिल्ली, (वार्ता) हॉकी इंडिया ने नितिन कोहली और मनोज भोरे को उपाध्यक्ष तथा लालरिनफेला को संयुक्त सचिव बनाये जाने पर बधाई दी है।
हॉकी इंडिया के अध्यक्ष डॉ. दिलीप तिर्की ने कहा, “हमें नितिन कोहली, मनोज भोरे का उपाध्यक्ष के रूप में उनकी नई भूमिकाओं और लालरिनफेला का संयुक्त सचिव के रूप में उनकी नियुक्ति पर स्वागत करते हुए खुशी हो रही है। भारतीय हॉकी के विकास के लिए उनका विशाल अनुभव और प्रतिबद्धता सभी स्तरों पर खेल को बढ़ाने के हमारे प्रयासों में सहायक होगी।”
हॉकी इंडिया के महासचिव भोला नाथ सिंह ने कहा, “कार्यकारी बोर्ड की बैठक के दौरान की गई नियुक्तियाँ प्रशासनिक उत्कृष्टता और दीर्घकालिक दृष्टि पर हमारे निरंतर ध्यान को दर्शाती हैं। हमें विश्वास है कि कोहली, भोरे और लालरिनफेला भारतीय हॉकी में बहुमूल्य योगदान देंगे, और हम कमांडर आर.के. श्रीवास्तव को उनकी उचित पदोन्नति के लिए बधाई देते हैं।”
उल्लेखनीय है कि केरल में मंगलवार को आयोजित कार्यकारी बोर्ड की 112वीं बैठक में हॉकी इंडिया के प्रशासनिक ढांचे को और मजबूत करने के उद्देश्य से महत्वपूर्ण प्रशासनिक बदलाव भी किए गए। इस दौरान नितिन कोहली और मनोज भोरे को सर्वसम्मति से उपाध्यक्ष तथा लालरिनफेला को संयुक्त सचिव बनाया गया। इसके अतिरिक्त कमांडर आर.के. श्रीवास्तव को महानिदेशक के रूप में पदोन्नत किया गया।
