भोपाल। कलेक्ट्रेट में जनसुनवाई में लोगों ने अपनी समस्याएं बताई. इस दौरान अनेक समस्याओं का निराकरण मौके पर ही कर दिया गया. जनसुनवाई में आए नागरिकों से 125 आवेदन प्राप्त हुए. कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह की निर्देशन में मंगलवार को एडीएम भूपेंद्र गोयल, प्रकाश नायक सहित अधिकारियों ने जिले से जनसुनवाई में आए नागरिकों की समस्याएं सुनीं.
जनसुनवाई में एडीएम गोयल ने एक साथ फीस जमा करने में असमर्थ ईदगाह निवासी दीपक शिवलानी की पुत्री कक्षा-10वीं की टीसी दिलाई एवं फीस कम कराकर आगामी माह में स्कूल को फीस किश्तों में जमा कराने के दिए निर्देश. स्कूल द्वारा मौके पर ही दी गई टीसी ताकि कक्षा-11वीं में आसानी से हो सके दाखिला. दीपक शिवलानी ने बताया कि मेरे पुत्र/पुत्री कक्षा-5वीं एवं कक्षा-10वीं में खालसा हाई सेकेंडरी शाहजानाबाद, भोपाल में अध्ययनरत है. विगत सत्र में बच्चों की फीस जमा करने में असमर्थ रहा तो स्कूल वालों ने कक्षा-11वीं एवं अन्य स्कूल में एडमिशन के लिए टीसी नहीं दे रहे थे.
इस मामले में जनसुनवाई में आवेदन किया तो एडीएम भूपेन्द्र गोयल ने तत्काल संज्ञान लेते हुए स्कूल से संपर्क कर फीस कम करने एवं किश्तों में राशि जमा करने के निर्देश दिए. स्कूल प्रतिनिधि द्वारा दसवीं के छात्र की टीसी दी गई एवं फीस भी कम कर आगामी माह की किश्त चैक के रूप में जमा कराने का निवेदन स्वीकार किया.
