
पिपलियामण्डी। रविवार को काचरिया में बाइक सवार को टक्कर मारने के बाद अनियंत्रित होकर कुए में गिरी कार में 12 लोगों की मौत के बाद हादसे में 4 लोगों को बचाने के लिए जान की बाजी लगाने वाले दौरवाड़ी निवासी मनोहरसिंह पिता शीतलसिंह बोराना के परिवार के सदस्य को सरकारी नौकरी देने का मुख्यमंत्री मोहन यादव ने एलान किया। वहीं दूसरी और जिस कुए में गिरने से 12 लोगों की मौत हुई थी उस कुए की मुण्डेर बनाने का काम भी शुरु कर दिया। सोमवार को मीडिया से बातचीत के दौरान सीएम ने कहा कि बहादूर मनोहरसिंह ने अपनी जान की बाजी लगाकर 4 लोगों की जान बचाकर एक मिसाल कायम की। आज भी मानवता जिन्दा है। हमारी सरकार ऐसे बहादूर लोगों के वीरता के कार्यों को सम्मान करती है। हमने यह निर्णय किया है। सरकार मनोहरसिंह को मरणोपरान्त सम्मान करेगी। साथ ही मनोहरसिंह के परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देंगे। इस तरह की घटना में लोगों की जान बचाने से लोगों को प्रेरणा मिलती है। मानवता को सामने रखकर जो अपनी जान की बाजी लगाता है, मप्र सरकार एसे सभी लोगों को नतमस्तक होकर प्रणाम करती है और सम्मान करती है। इधर सोशल मीडिया पर एक वर्ष पुराना जनपद पंचायत मल्हारगढ़ का आदेश भी वायरल है। जिसमें खुले बोरवेल को बंद करने व बिना मुण्डेर के कुए को सुरक्षित करने के आदेश है। जिसमें भूमिस्वामी को बंद नही करने पर कार्रवाई की चेतावनी है। लेकिन यह पत्र एक साल बाद अब सोशल मीडिया पर वायरल करावाया गया।
