नयी दिल्ली, 09 अक्टूबर (वार्ता) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने लोकसभा और विधानसभा उपचुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन को मिली जीत पर मतदाताओं का आभार प्रकट करते हुए कहा है कि लोगों का सरकार के सुशासन के एजेंडे से मजबूत जुड़ाव है।
उपचुनाव के परिणामों की घोषणा के बाद श्री मोदी ने शुक्रवार को सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, “आपके निरंतर आशीर्वाद के लिए जनता का आभार! नगांव (असम) के लोकसभा परिणाम और नंदीग्राम तथा रेजीनगर (पश्चिम बंगाल) के विधानसभा परिणाम एक बार फिर दिखाते हैं कि जनता का भाजपा-एनडीए के सुशासन के एजेंडे से गहरा जुड़ाव है। मैं भाजपा के विजयी उम्मीदवारों को बधाई देता हूं और हमारे पार्टी कार्यकर्ताओं की कड़ी मेहनत की भी सराहना करता हूं। मैं पुडुचेरी के थट्टनचावडी में जीत के लिए अपने मूल्यवान एनडीए सहयोगी, एआईएनआरसी को भी बधाई देता हूं।”
उन्होंने कहा कि यह जनादेश सरकार को अतिरिक्त ताकत देगा, क्योंकि हम जनता के कल्याण के लिए अथक प्रयास करते हैं और उनके उज्ज्वल तथा अधिक समृद्ध भविष्य की आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए काम करते हैं। उल्लेखनीय है कि विधानसभा की पांच और लोकसभा की एक सीट के लिए हुए उप चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने पश्चिम बंगाल की दोनों विधानसभा सीटों पर जीत हासिल की है और पुडुचेरी की एक सीट पर उसके सहयोगी दल एआईएनआरसी को जीत मिली है।
तमिलनाडु की दोनों सीटों पर सत्तारूढ टीवीके के उम्मीदवार विजयी रहे हैं। असम की नगांव लोकसभा सीट के उपचुनाव में भी भाजपा निर्णायक बढ़त बनाए हुए है।
