मुंबई, 28 अप्रैल (वार्ता) पहलगाम आतंकी हमले को लेकर भारत-पाकिस्तान के बीच तनाव बढ़ने के बावजूद उद्योगपति मुकेश अंबानी की पेट्रोलियम समेत विभिन्न क्षेत्रों में कारोबार करने वाली दिग्गज कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड (आरआईएल) के मजबूत तिमाही परिणाम की बदौलत आरआईएल समेत 23 कंपनियों में हुई लिवाली से आज शेयर बाजार को पंख लग गए।
बीएसई का तीस शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 1005.84 अंक अर्थात 1.27 प्रतिशत की छलांग लगाकर 80,218.37 अंक और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी 289.15 अंक यानी 1.20 प्रतिशत की मजबूती के साथ 24328.50 अंक पर बंद हुआ। इसी तरह बीएसई का मिडकैप 1.34 प्रतिशत उछलकर 43,097.01 अंक और स्मॉलकैप 0.39 प्रतिशत चढ़कर 48,193.46 अंक हो गया।
इस दौरान बीएसई में कुल 4179 कंपनियों के शेयरों में कारोबार हुआ, जिनमें से 1958 में लिवाली जबकि 2038 में बिकवाली हुई वहीं 183 में कोई बदलाव नहीं हुआ। इसी तरह एनएसई में कारोबार के लिए 2992 कंपनियों के शेयर रखे गए, जिनमें से 1532 में तेजी जबकि 1375 में गिरावट रही वहीं 85 के भाव स्थिर रहे।
आरआईएल का 31 मार्च को समाप्त वित्त वर्ष 2024-25 की चौथी तिमाही में सकल शुद्ध मुनाफा इसके पिछले वित्त वर्ष 2023-24 की समान तिमाही के 21243 करोड़ रुपये के मुकाबले 6.4 प्रतिशत की बढ़ोतरी लेकर 22611 करोड़ रुपये पर पहुंच गया।
इससे निवेश धारणा मजबूत हुई और बीएसई के 19 समूह उछल गए। इस दौरान ऊर्जा 3.02, कमोडिटीज 0.80, सीडी 0.96, एफएमसीजी 0.18, वित्तीय सेवाएं 0.99, हेल्थकेयर 1.60, इंडस्ट्रियल्स 1.53, दूरसंचार 0.16, यूटिलिटीज 1.03, ऑटो 1.65, बैंकिंग 1.53, कैपिटल गुड्स 1.93, कंज्यूमर ड्यूरेबल्स 1.08, धातु 1.59, तेल एवं गैस 2.90, पावर 1.03, रियल्टी 1.41, टेक 0.02 और सिर्वेसेज समूह के शेयर 0.99 प्रतिशत मजबूत रहे।
अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर मिलाजुला रुख रहा। इस दौरान ब्रिटेन का एफटीएसई 0.39, जर्मनी का डैक्स 0.83 और जापान का निक्केई 0.38 प्रतिशत चढ़ गया जबकि हांगकांग का हैंगसेंग 0.04 और चीन का शंघाई कंपोजिट 0.20 प्रतिशत उतर गया।
शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 131 अंक की तेजी के साथ 79,343.63 अंक पर खुला लेकिन थोड़ी देर बाद ही मामूली गिरावट के साथ 79,341.35 अंक के निचले स्तर पर आ गया। वहीं, लिवाली होने से दोपहर बाद यह 80,321.88 अंक के उच्चतम स्तर पर पहुंच गया। अंत में पिछले दिवस के 79,212.53 अंक के मुकाबले 1.27 प्रतिशत उछलकर 80,218.37 अंक पर पहुंच गया।
इसी तरह निफ्टी भी 31 अंक बढ़कर 24,070.25 अंक पर खुला और सत्र के दौरान 24,054.05 अंक के निचले जबकि 24,355.10 अंक के उच्चतम स्तर पर रहा। अंत में पिछले सत्र के 24,039.35 अंक की तुलना में 1.20 प्रतिशत मजबूत होकर 24,328.50 अंक पर बंद हुआ।
इस दौरान सेंसेक्स में रिलायंस के शेयर सबसे अधिक 5.27 प्रतिशत प्रतिशत की उछाल पर रहे। साथ ही सन फार्मा 3.08, टाटा स्टील 2.42, एसबीआई 2.36, एक्सिस बैंक 2.35, महिंद्रा एंड महिंद्रा 2.29, टाटा मोटर्स 2.06, एलटी 1.70, आईसीआईसीआई बैंक 1.69, अडानी पोर्ट्स 1.61, मारुति 1.41, एनटीपीसी 1.38, कोटक बैंक 1.05, इंडसइंड बैंक 1.00, एशियन पेंट 0.92, पावरग्रिड 0.59, एचडीएफसी बैंक 0.47, टाइटन 0.22, भारती एयरटेल 0.16, आईटीसी 0.15, इंफोसिस 0.14, बजाज फिनसर्व 0.13 और टेक महिंद्रा के शेयरों ने 0.07 प्रतिशत का मुनाफा कमाया।
वहीं, एचसीएल टेक 1.89, अल्ट्रासिम्को 1.05, हिंदुस्तान यूनिलीवर 0.52, इटरनल 0.48, नेस्ले इंडिया 0.42, बजाज फाइनेंस 0.21 और टीसीएस के शेयरों ने 0.21 प्रतिशत का नुकसान उठाया।
