पाकिस्तान ने नियंत्रण रेखा पर किया संघर्ष विराम का उल्लंघन

श्रीनगर, 27 अप्रैल (वार्ता) पाकिस्तानी सेना की चौकियों ने कश्मीर में नियंत्रण रेखा (एलओसी) के पार बिना उकसावे के छोटे हथियारों से गोलीबारी कर संघर्षविराम का उल्लंघन किया है।

सेना के सूत्रों ने रविवार को बताया कि यह गोलीबारी लगातार तीसरी रात गई है।

उन्होंने बताया कि कुपवाड़ा जिले के नौगाम सेक्टर और बारामूला जिले के बोनियार सेक्टर से गोलीबारी की खबर है। सेना ने गोलीबारी का प्रभावी ढंग से जवाब दिया।

सेना के सूत्रों ने कहा, “26 से 27 अप्रैल 2025 की रात को पाकिस्तान सेना की चौकियों ने तुतमारी गली (नौगाम सेक्टर) और रामपुर (बोनियार उरी) सेक्टरों के सामने के इलाकों में नियंत्रण रेखा के पार बिना उकसावे के गोलीबारी की। और हमारे जवानों ने गोलीबारी का प्रभावी ढंग से जवाब दिया।

सुरक्षा सूत्रों ने बताया कि नौगाम सेक्टर में करीब दो घंटे तक भीषण गोलीबारी हुई। गोलीबारी रात करीब एक बजे शुरू हुई। गोलीबारी के दौरान किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।

यह लगातार तीसरी रात है जब पाकिस्तानी सेना ने संघर्ष विराम का उल्लंघन किया और नियंत्रण रेखा के कई स्थानों पर छोटे हथियारों से गोलीबारी की।

गौरतलब है कि 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए बर्बर आतंकवादी हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव में नियंत्रण रेखा पर गोलीबारी हुई है। इस हमले में 25 पर्यटक और एक स्थानीय निवासी की जान चली गई थी।

पहलगाम हमले के मद्देनजर सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने शुक्रवार को श्रीनगर का दौरा किया और जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा स्थिति की समीक्षा की।

Next Post

कर्रेगुट्टा की पहाड़ियों पर नक्सलियों की गुफा मिली

Sun Apr 27 , 2025
बीजापुर 27 अप्रैल (वार्ता) छतीसगढ़ और तेलंगाना राज्य की सरहद पर कर्रेगुट्टा की पहाड़ियों पर पिछले छह दिनों से जारी ‘नक्सल-उन्मूलन अभियान’ के दौरान शनिवार शाम को सुरक्षा बलों के जवानों ने नक्सलियों की गुफा बरामद की। जवानों को गुफा तक पहुंचने में 15 आईईडी को डिफ्यूज करना पड़ा। पुलिस […]

You May Like