
सिंगरौली। जिले के जंगलों में इन दिनों आग की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। करीब-करीब सभी वन परिक्षेत्र के जंगलो में आग लग चुकी है। आग कैसे लग रही है, स्पष्ट नही हो रहा है। लेकिन आगजनी की घटनाओं को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं चलने लगी हैं। वन परिक्षेत्र चितरंगी के बगदरा कला एवं बरगवां रेंज के झुरही जंगल धू-धूकर जल रहा है।
दरअसल जिले के वनों में आगजनी की घटनाओं से लोगबाग बेहद चिंतित नजर आने लगे हैं। आये दिन जिले के किसी न किसी रेंज के जंगलों में आग लगने की जानकारियां मिल रही हैं। आग कैसे लग रही है, इसके कारणों का स्पष्ट पता नही लग पा रही है। लेकिन आगजनी की घटनाओं से जड़ीबुटियां, पेड़-पौधे जलकर खाक हो जा रहे हैं। वन विभाग अमला जब तक आग पर काबू पाता उसके पहले वन में लगी आग बेकाबू हो जा रहे हैं। जानकारी के अनुसार वन परिक्षेत्र चितरंगी के कक्ष क्रमांक आर 12 की जंगल में पिछले तीन दिनों से भीषण आग लगी हुई है। आलम यह है कि आग करीब तीन किलोमीटर परिधि में फैली हुई है।
