इंदौर: जम्मू-कश्मीर के पहलगाम के आतंकी हमले में शहीद हुए इंदौर निवासी सुशील नथानियल को गुरुवार को नम आंखों से अंतिम विदाई दी गई. उनकी अंतिम यात्रा वीणानगर स्थित निवास से प्रारंभ होकर नंदा नगर चर्च पहुंची, जहां विशेष प्रार्थना सभा आयोजित की गई. इसके बाद उनका पार्थिव शरीर जूनी इंदौर कब्रिस्तान लाया गया, जहां ईसाई रीति-रिवाज से अंतिम संस्कार किया गया..
अंतिम संस्कार के दौरान का माहौल बेहद भावुक कर देने वाला था. जैसे ही पार्थिव शरीर को मिट्टी में सुपुर्द किया गया, उनकी पत्नी जेनिफर फूट-फूटकर रो पड़ीं. उनका विलाप हर किसी की आंखें नम कर गया ओ जाना, सुन ले न मेरी… सुन ले… मुझे बचाकर क्यों चला गया तू… मुझे भी ले जाता न साथ में. बेटे ऑस्टिन गोल्डी ने मां को संभाला और पिता को अंतिम प्रणाम किया.
सुशील की अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में लोग उन्हें श्रद्धांजलि देने पहुंचे. इसमें परिजनों और रिश्तेदारों के अलावा जनप्रतिनिधियों की भी उपस्थिति रही. प्रदेश के जल संसाधन मंत्री तुलसी सिलावट, कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी, जिला कांग्रेस अध्यक्ष सदाशिव यादव, राजू भदौरिया, बब्बू यादव सहित कई जनप्रतिनिधियों और समाजसेवियों ने पुष्पांजलि अर्पित कर सुशील को श्रद्धांजलि दी.
