भोपाल। ट्रेनों में हो रहे चोरी के अपराधों की रोकथाम को लेकर जीआरपी भोपाल ने मोबाइल चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है. आदतन अपराधियों के खिलाफ अभियान चलाये गये. जिसमें अलग-अलग थानों में 204 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. इसमें से 58 आरोपी अभी भी जेल में निरूद्ध है. जीआरपी के थानों में पिछले 4 माह में लगभग ढाई करोड की सम्पत्ति की बरामदगी की गई है. जीआरपी ने इस दौरान 450 मोबाईल फोन जब्त किये हैं.
जानकारी के अनुसार मोबाईल चोरी के प्रकरणों को श्रेणी क्षेत्रवार चिन्हित कर थानों को विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिये गये. लगातार मानीटरिंग के परिणामस्वरूप यह कार्रवाई की गई. हर महीने जीआरपी थानों में अपराध की दृष्टि से 10 सर्वाधिक प्रभावित ट्रेनों की मानीटरिंग कर चैकिंग कराई जाने के निर्देश दिये गये थे. पुलिस अधीक्षक रेलवे भोपाल राहुल कुमार लोढ़ा, भा.पु.से. की अगुवाई में कार्रवाई की गई. जीआरपी के सभी थाना प्रभारियों और उप पुलिस अधीक्षक रेलवे को रेलवे क्षेत्र में अपराध करने वाले आदतन अपराधियों के विरूद्ध अभियान चलाकर कार्रवाई करने के निर्देश मिले थे.
