
ग्वालियर। एक दर्दनाक सड़क हादसे में मां और उसकी डेढ़ साल की बेटी की मौत हो गई। बिलौआ तिराहे पर तेज रफ्तार डंपर ने बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में बाइक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना में 25 वर्षीय उम्मेद सिंह, उनकी 23 वर्षीय पत्नी हेमलता और डेढ़ वर्षीय बेटी दिव्यांशी शामिल थे। परिवार वीरपुर में एक विवाह समारोह में शामिल होने के बाद अपने गांव कुलैथ लौट रहा था। बिलौआ तिराहे के पास डंपर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि हेमलता और दिव्यांशी की मौके पर ही मौत हो गई। उम्मेद सिंह को गंभीर हालत में जयरोग्य अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे के बाद डंपर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने मौके से डंपर को जब्त कर लिया है। सीएसपी रोबिन जैन के अनुसार, पुलिस ने डंपर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश जारी है।
