सतना :जिले के चित्रकूट थाना क्षेत्र अंतर्गत परिक्रमा मार्ग पर सोमवार की सुबह उस वक्त हडक़ंप मच गया जब बाइक सवार 8-10 बदमाशों ने एक शासकीय कर्मचारी के अपहरण का प्रयास किया. कर्मचारी और उसके रिश्तेदार के कड़े प्रतिरोध के चलते बदमाश पीछे हटकर भागने के लिए मजबूर हो गए. वहीं कर्मचारी की शिकायत पर पुलिस द्वारा 8 अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर जांच शुरु कर दी गई है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार कामता चित्रकूट बाईपास निवासी और डाक विभाग में बतौर पोस्टमैन पदस्थ ईश्वर चंद्र पाण्डेय उर्फ राजा हर रोज की तरह सोमवार की सुबह भी कामता पर्वत की परिक्रमा लगा रहे थे. सोमवार को उनके साथ रिश्तेदार राजेंद्र त्रिपाठी भी थे. सुबह के लगभग पौने 7 बजे जैसे ही दोनों लोग महलन मंदिर के निकट पहुंचे वैसे ही उन्हें 6 बाइक सवार 8-10 लडक़े खड़े नजर आए. खड़े लड़ों में जहां 5-6 लोग अपना मुंह बांधे हुए थे वहीं 3 लडक़े मुंह खोले हुए थे.
लडक़ों की उपिस्थति संदिग्ध समझ में आते ही ईश्वर और राजेंद्र कुछ हद तक सर्तकता बरतने लगे. लेकिन इसके बावजूद भी देखते ही देखते उन लडक़ों ने ईश्वर को पकड़ लिया और घसीटना शुरु कर दिया. ईश्वर द्वारा गुहार लगाने पर आगे बढ़ चुके राजेंद्र अपनी लाठी लेकर दौड़े. जिन्हें देख लडक़ों की पकड़ ढीली हो गई. इसी दौरान ईश्वर ने भी अपनी छड़ी उठा ली.
दोनों को हमलावर होता देख लडक़े पीछे हट गए और बाइक पर सवार होकर वहां से भाग निकले. लडक़ों के भागने के बावजूद भी ईश्वर और राजेंद्र ने सर्तकता बतरते हुए चिकनी परिक्रमा में पहुंच गए और वहीं बैठे रहे. अपने सभी मित्रों को फोन कर वहां बुला लिया. मित्रों के वहां पहुंचने पर ईश्वर ने परिक्रमा पूरी की और उसके बाद मामले की शिकायत चित्रकूट थाने में की.
