इंदौर:चन्द्र भागा से कलाल कुई मस्जिद तक एवं सुनकर धर्मशाला से रावजी बाजार थाना तक निर्माणाधीन सड़क का निरीक्षण कार्यवाहक महापौर एवं जनकार्य प्रभारी राजेन्द्र राठौर तथा क्षेत्रीय विधायक गोलू शुक्ला ने किया.चन्द्र भागा से कलाल कुई मस्जिद तक कि सड़क का निर्माण 10.26 करोड़ रुपये की लागत से किया जा रहा है, जिसकी कुल लंबाई 270 मीटर तथा चौड़ाई 18 मीटर है.
यह कार्य वर्तमान में प्रगतिरत है और इसे समयसीमा में पूर्ण करने के निर्देश अधिकारियों को मौके पर ही दिए गए. निरीक्षण के दौरान प्रभारी राठौर एवं विधायक शुक्ला द्वारा सुनकर धर्मशाला से रावजी बाजार चौराहा तक बन रही 100 फीट चौड़ी सड़क का भी जायजा लिया गया. इस सड़क की एक लेन, जो कि सुनकर धर्मशाला से प्रकाश का बगीचा तक जाती है, का निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है.
इस मार्ग पर स्थित विद्युत पोल एवं ट्रांसफॉर्मर को हटाने की प्रक्रिया भी आरंभ कर दी गई है, जिसके लिए 1.25 करोड़ रुपये की लागत से टेंडर जारी कर दिया गया है.इन विकास कार्यों के माध्यम से क्षेत्र के नागरिकों को बेहतर यातायात सुविधा प्राप्त होगी, साथ ही यह सड़कें क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को और अधिक मजबूत करेंगी.
