
शहडोल। जिले के अमलाई थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले बटुरा गांव में संचालित हो रही अवैध कोयला खदानों पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए उन्हें जेसीबी मशीनों की मदद से पूरी तरह बंद करवा दिया है। क्षेत्र में कई गुफानुमा खड्डों के माध्यम से स्थानीय और बाहरी तत्व अवैध रूप से कोयले का उत्खनन कर रहे थे। बिना किसी सुरक्षा उपायों के ये खदानें चल रही थीं, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती थी। इतना ही नहीं इन खदानों से निकाले गए कोयले का अवैध रूप से परिवहन भी किया जा रहा था। ऐसे में पुलिस ने सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए क्षेत्र की 10 से अधिक अवैध खदानों को चिन्हित किया और शनिवार की दोपहर मौके पर जेसीबी मंगवाकर इन खदानों को मिट्टी से भरवाकर बंद किया। इस दौरान लगभग 30 टन अवैध कोयला भी जब्त किया गया। साथ ही तीन प्रमुख कोयला माफियाओं के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की गई।
कोयला खनन से जुड़े अन्य अवैध मामलों की भी जांच जारी है।
