डाक्टरों की लापरवाही का आरोप, हॉस्पिटल में महिला की मौत पर हंगामा

ग्वालियर: उपनगर मुरार माल रोड स्थित श्री सांवरिया मल्टी स्पेशलिटी हॉस्पिटल में एक महिला मरीज की मौत के बाद हंगामा खड़ा हो गया। परिजन ने महिला की मौत के बाद डॉक्टर पर गलत जानकारी और इलाज में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है। हॉस्पिटल पर हंगामा करने की खबर लगते ही पुलिस बल भी मौके पर पहुंचा था। घटना शुक्रवार देर रात की है। पुलिस ने महिला के शव को पोस्टमार्टम हाउस भिजवा दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। परिजन का आरोप है कि डॉक्टरों ने इलाज में लापरवाही बरती है। यहां कोई डॉक्टर नहीं था सिर्फ नर्स के भरोसे अस्पताल चल रहा था।

सीएमएचओ डॉ. सचिन श्रीवास्तव ने भी मामले की जानकारी लगने पर जांच कराने की बात कही है। आसपास के लोगों का कहना है कि अस्पताल में इसी तरह इलाज कर लोगों की जान से खिलवाड़ की जाती है। महाराजपुर थाना क्षेत्र के डीडी नगर निवासी 47 वर्षीय महिला कृष्णा शर्मा पत्नी संजीव शर्मा गोहद से पति के साथ बाइक पर बैठकर घर वापस आ रही थी, तभी बाइक अनियंत्रित होने के चलते वह सिर के बल गिर पड़ीं और घायल हो गई थी। इसके बाद पति ने घायल अवस्था में कृष्णा को मुरार थाने के पास श्री सांवरिया मल्टी स्पेशलिस्ट अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया था।

बाइक से गिरने के दौरान महिला को सिर और हाथ-पैर में मामूली चोट आई थी। अस्पताल में भर्ती होने के बाद डॉक्टर अमित श्रीवास्तव ने महिला का सिर में लगी चोट का ऑपरेशन भी किया था। ऑपरेशन होने के बाद शुक्रवार दोपहर 2:00 बजे तक महिला की हालत में सुधार हो गया था, इसलिए उसके परिजन उसे अस्पताल से डिस्चार्ज कराकर सरकारी अस्पताल में भर्ती करने वाले थे। पर अचानक शुक्रवार शाम 5 बजे महिला की पल्स गिरने लगी तो इसकी जानकारी परिजन ने तत्काल अस्पताल के डॉक्टर को दी। डॉक्टर, नर्स वहां पहुंचे और महिला को सीपीआर देकर उसका इलाज कर रहे थे, लेकिन देर शाम डॉक्टर आईसीयू से बाहर आए और बताया कि महिला की मौत हो गई है।
महिला की मौत का पता जैसे ही परिजनों को चला तो उन्होंने अस्पताल पर हंगामा करना शुरू कर दिया और डॉक्टरों पर महिला की मौत पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है। परिजन का यह भी कहना है कि हॉस्पिटल बिना गैर कानूनी तरीके से संचालित हो रहा था। इसका कोई रजिस्ट्रेशन नहीं है। घटना के बाद हमने रजिस्ट्रेशन दिखाने के लिए कहा, लेकिन डॉक्टरों ने नहीं दिखाया। हंगामे की खबर लगते ही पुलिस पहुंची और हालात को नियंत्रण में लिया।

मुरार थाना प्रभारी एमएम मालवीय ने बताया कि इलाज के दौरान महिला की मौत हो गई थी। जिस पर परिजनों ने हंगामा किया था। सूचना मिलने पर थाने का बल मौके पर पहुंचाया गया था। मृतक महिला का पोस्टमार्टम कराया जाएगा और उसकी रिपोर्ट आने के बाद ही महिला की मौत का कारण पता चल सकेगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद उसी के आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।इस मामले में ग्वालियर सीएमएचओ डॉ. सचिन श्रीवास्तव ने बताया कि श्री सांवरिया मल्टी स्पेशलिस्ट हॉस्पिटल में जिस महिला की मौत हुई है। उन्हें इस केस के बारे में पूरी जानकारी मिली है। मामले की जांच कराएंगे।

Next Post

समरस विचार मंथन कार्यक्रम में आएंगे देशभर के विद्वजन

Sat Apr 19 , 2025
ग्वालियर:प्रज्ञा प्रवाह मध्यभारत प्रांत, पुरुषार्थ सेवा संगठन एवं राजमाता विजयाराजे सिंधिया कृषि विश्वविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में समरस विचार मंथन कार्यक्रम 20 अप्रैल को प्रात: 10 बजे से सायं पांच बजे तक कृषि विश्वविद्यालय के दत्तोपंत ठेंगड़ी सभागार में आयोजित किया जाएगा।उद्घाटन सत्र के मुख्य वक्ता अयोध्या की सिद्धपीठ हनुमन्निवास […]

You May Like