इंदौर:नकली नोटों की छपाई और सप्लाई में जुटे गिरोह के अब तक 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जिनमें ताज़ा गिरफ्तारी गुजरात निवासी मयूर चम्पा की हुई है. आरोपी होटल में रहकर नकली नोट छापने के काम में शामिल था.घटना की शुरुआत 13 अप्रैल को हुई, जब क्राईम ब्रांच को सूचना मिली कि अनुराग नगर स्थित होटल इंटरनिटी के रूम नंबर 301 में तीन युवक नकली नोट छापने का अवैध कार्य कर रहे हैं. सूचना के आधार पर छापामार कार्रवाई करते हुए क्राइम ब्रांच ने मौके से अब्दुल शोएब उर्फ छोटू, रहीश खान और प्रफुल कुमार कोरी को गिरफ्तार किया.
तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 500 के 870 नकली नोटों की गड्डियां लगभग चार लाख 35 हजार रुपए के साथ प्रिंटर, बटर पेपर, कटिंग मशीन, लेमिनेशन बंडल, लैपटॉप, मोबाइल, सील, लकड़ी फ्रेम और अन्य सामान जब्त किया गया. क्राईम ब्रांच की टीम ने उक्त सामग्री भोपाल के रहने वाले आकाश घारु के साथ मेडिकल स्टोर संचालक शंकर चौरसिया से जब्त कर उन्हें गिरफ्तार किया था. इनके पास से पांच सौ के 770 नकली नोट बरामद हुए थे,जो लगभग तीन लाख 85 हजार के थे. इसके बाद छठा आरोपी मयूर चम्पा, जो गुजरात के द्वारका का रहने वाला है, को भी क्राईम ब्रांच ने गिरफ्तार किया.
सोशल मीडिया से आया था संपर्क में
पूछताछ में उसने खुलासा किया कि वह सोशल मीडिया के जरिए पहले से गिरफ्तार आरोपियों के संपर्क में आया था और इंदौर आकर होटल में नोट छापने की तकनीक सीखी. गिरफ्तार आरोपी अलग-अलग व्यवसाय से जुडे है. इनमें से कोई मेडिकल स्टोर संचालक, कोई इवेंट मैनेजर, कोई बेरोजगार ग्रेजुएट तो कोई होटल एजेंट. फिलहाल क्राईम ब्रांच ने आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है और आरोपियों से पूछताछ कर नकली नोटों की सप्लाई चेन, उपयोग और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है.
