नई दिल्ली/हैदराबाद, 21 मार्च (वार्ता) भारत ने कोयला उत्पादन में एक ऐतिहासिक मुकाम हासिल करते हुए एक अरब टन का आंकड़ा पार कर लिया है, जो ऊर्जा सुरक्षा और आर्थिक विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
कोयला और खान मंत्री जी किशन रेड्डी ने इस उपलब्धि की घोषणा करते हुए कोयला क्षेत्र के अथक परिश्रम को सलाम किया। उन्होंने सोशल नेटवर्किंग साइट ‘एक्स’ (ट्विटर) पर अपने संदेश में कहा, “आधुनिक तकनीकों और कुशल खनन विधियों ने उत्पादन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है। हमने न सिर्फ उत्पादन बढ़ाया बल्कि पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी और टिकाऊ खनन को भी प्राथमिकता दी। यह उपलब्धि हमारी बढ़ती ऊर्जा जरूरतों को पूरा करेगी, अर्थव्यवस्था को रफ्तार देगी।”
मंत्री ने इस सफलता का श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व को भी दिया, जिसके तहत भारत वैश्विक ऊर्जा क्षेत्र में एक सशक्त लीडर के रूप में उभर रहा है। कोयला क्षेत्र के मेहनती कार्यबल को बधाई देते हुए उन्होंने कहा, “आपके समर्पण और कड़ी मेहनत ने भारत की ऊर्जा नींव को अडिग बनाया है।”
यह उपलब्धि भारत के लिए एक गर्व का क्षण है, जो वैश्विक कोयला उत्पादन में अपनी धाक जमाने के साथ-साथ सतत विकास के पथ पर तेजी से आगे बढ़ रहा है।
