
टीकमगढ़। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने आज कहा कि बुन्देलखण्ड में सबसे ज्यादा पलायन और बेरोजगारी है और भाजपा प्रदेश में 20-22 वर्षों से काबिज है इसके बाद भी इस इलाके से बेरोजगारी और पलायन को नहीं रोक पाई है। इसमें हम को किसको जिम्मेदार ठहराएंगे सवाल तो सरकार पर ही उठाएंगे। मैं कहता हूं पूरे दावे के साथ मोदी सरकार एवं मोहन सरकार पूरी तरह फैल हो चुकी है। हां हमारी पार्टी में कुछ कमियां हैं, जिन्हें इस बार हम सुधारकर अगले बार चुनाव में पूरी रणनीति और ताकत से उतरेंगे। जीतू पटवारी टीकमगढ़ के सर्किट हाउस में प्रेस वार्ता के दौरान पत्रकारों से बात कर रहे थे। इसी प्रेस वार्ता में कांग्रेस के प्रदेश संगठन प्रभारी हरीश चौधरी भी मौजूद थे। उन्होंने भी सरकार को आड़े हाथों लेकर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया। उन्होंने कहा कि देश भर में जो आरएसएस की संपत्तियां हैं वह किस आधार पर हैं। उन्होंने सरकार पर निशाना साधा और कहा कि हमारा देश 1947 में आजाद हो चुका है, लेकिन भाजपा इसे मानने को तैयार नहीं है। देश में संविधान की नहीं चलती, हमें देश बचाना तो संविधान के अनुसार चलना पड़ेगा जो मोदी सरकार में संभव नहीं है। यह संविधान को दरकिनार कर अपनी मनमर्जी चलाते हैं। ईडी जैसी एजेंसियां इनकी कठपुतली बन चुकी हैं। इस प्रेस वार्ता के दौरान टीकमगढ़ विधायक यादवेन्द्र सिंह बुन्देला, पृथ्वीपुर विधायक नितेन्द्र सिंह राठौर, खरगापुर विधायक श्रीमती चंदारानी गौर सहित तमाम कांग्रेसी मौजूद रहे।
