
रीवा।कलेक्ट्रेट के मोहन सभागार में जिला योजना समिति की बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता जिले के प्रभारी मंत्री तथा पंचायत एवं ग्रामीण विकास और श्रम मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल ने की. बैठक में शासकीय पॉलिटेक्निक कालेज का नाम कल्पना चावला पॉलिटेक्निक कालेज करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई. बैठक में मेसर्स गोकुलदास एक्सपोर्ट लिमिटेड बैंगलोर के सहयोग से शासकीय कन्या महाविद्यालय के छात्रावास में सिलाई एवं कम्प्यूटर प्रशिक्षण केन्द्र शुरू करने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई. बैठक में प्रभारी मंत्री ने कहा कि ग्राम पंचायत सचिवों तथा ग्राम रोजगार सहायकों के स्थानांतरण की नीति शीघ्र घोषित होगी. इसके अनुसार स्थानांतरण किए जाएंगे.
बैठक में प्रभारी मंत्री ने कहा कि जिन गांवों में गत वर्षों में पानी का संकट रहा वहाँ हैण्डपंप तथा कुओं में रिचार्ज पिट प्राथमिकता से बनाएं. जल गंगा संवर्धन अभियान में शामिल जल संरक्षण कार्यों की तकनीकी और प्रशासकीय स्वीकृति तत्काल जारी करके निर्माण कार्य तेजी से पूरा कराएं. अभियान के तहत मनरेगा से मंजूर सभी अधूरे कार्य 15 मई तक पूरे कराएं. प्रदेश में जल गंगा संवर्धन अभियान से 50 हजार से अधिक खेत तालाबों का निर्माण कराया जाएगा
बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना की समीक्षा करते हुए प्रभारी मंत्री ने कहा कि इस योजना से रीवा जिले ही नहीं पूरे विन्ध्य में बहुत अच्छा कार्य हुआ है. नए पात्र परिवारों को योजना का लाभ देने के लिए एक लाख 72 हजार परिवार चिन्हित किए गए हैं. प्रधानमंत्री आवास प्लस योजना से प्रदेश में 27 लाख गरीब परिवारों को आवास मंजूर किए गए हैं. इसके शेष 6 लाख 50 हजार आवास शीघ्र स्वीकृत किए जा रहे हैं.
बैठक में विधायक ने दिये अपने-अपने सुझाव
बैठक में उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा कि रीवा विधानसभा क्षेत्र के कई गांवों में ग्राम पंचायतें नलजल योजनाओं का सफलतापूर्वक संचालन कर रही हैं. जल संवर्धन और संरक्षण के कार्य में सामाजिक संगठनों तथा आमजनता की भी भागीदारी आवश्यक है. बैठक में विधायक गुढ़ नागेन्द्र सिंह ने ग्रामीण क्षेत्र में पानी का संकट दूर करने के लिए बाणसागर बांध की नहरों से तालाबों और नदियों में पानी छोडऩे का सुझाव दिया. विधायक देवतालाब गिरीश गौतम ने जिला योजना समिति के पुनर्गठन तथा जब तक मऊगंज जिले में जिला पंचायत का गठन नहीं हो जाता तब तक वहाँ के जिला पंचायत सदस्यों को रीवा की योजना समिति की बैठक में सदस्य के रूप में शामिल करने का सुझाव दिया. श्री गौतम ने नलजल योजना तथा पेयजल व्यवस्था के भी मुद्दे उठाए. विधायक सेमरिया अभय मिश्रा ने पेयजल व्यवस्था, बसामन मामा में तीन करोड़ 21 लाख रुपए की लागत से एनिकट निर्माण, कौआढान में सडक़ निर्माण तथा जिला योजना समिति के पुनर्गठन के मामले रखे. बैठक में महापौर रीवा नगर निगम अजय मिश्रा ने बाणसागर बांध की नहरों की साफ-सफाई तथा गाद निकालने का सुझाव दिया. बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती नीता कोल ने ग्राम पंचायत सचिवों के स्थानांतरण का मुद्दा उठाया. समिति के सदस्य डॉ अजय सिंह ने मतदाता सूची का मुद्दा उठाया.
