
ग्वालियर। सिटी सेंटर में होटल स्मार्ट हवेली इन गेस्ट हाउस में हाई प्रोफाइल सेक्स रैकेट पकड़ा गया है। पुलिस ने दबिश दी तो होटल के दो रूम में दो युवकों के साथ दो कॉलगर्ल आपत्तिजनक हालत में मिलीं। जब पुलिस ने होटल के अन्य रूम की तलाशी ली तो एक अन्य रूम में पांच लड़कियां बैठी मिली हैं। जबकि एक लडक़ी होटल पर रिसेप्शनिस्ट का काम संभाल रही थी।
विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र स्थित सिटी सेंटर कैलाश विहार में होटल स्मार्ट हवेली इन गेस्ट हाउस है। यहां काफी समय से हाई प्रोफाइल सेक्स रैकेट चलने की सूचना पुलिस को मिल रही थी। जिस पर पुलिस कुछ दिन से इनपुट जुटाने में लगी थी। पुलिस ने रेड की प्लानिंग की। सीएसपी विश्वविद्यालय हिना खान ने इंस्पेक्टर प्रीति भार्गव, इंस्पेक्टर महिला थाना दीप्ति तोमर को दबिश की जिम्मेदारी सौंपी। प्रधान आरक्षक मानसिंह को कस्टमर बनाकर होटल में भेजा गया। जैसे ही कस्टमर होटल के रिसेप्शन पर पहुंचा तो वहां बैठी युवती ने उससे आने का कारण पूछा। कस्टमर बने पुलिसकर्मी ने धीमी आवाज में माल मांगा। इसके बाद उसे एक घंटे का 1000 रुपए चार्ज लेकर लड़कियां दिखाई गईं। कस्टमर ने 500-500 रुपए के दो नोट रिसेप्शन पर जमा किए और बुकिंग ले ली। इसके बाद उसने बाहर तैनात पुलिस टीम को इशारा कर दिया। जिस पर महिला इंस्पेक्टर प्रीति भार्गव, दीप्ति तोमर ने अपनी टीम के साथ दबिश दी।
जब पुलिस ने होटल स्मार्ट हवेली इन में दबिश दी तो दो रूम में दो युवक, दो युवतियों के साथ आपत्तिजनक हालत में मिले। उनके पास से आपत्तिजनक सामग्री भी मिली है। दोनों लडक़ों को पकड़ लिया। एक युवती चंडीगढ़ तो दूसरी सिलीगुड़ी पश्चिम बंगाल की थी। इसके बाद जब पुलिस आगे के एक रूम में पहुंची तो वहां सजी-धजी पांच युवतियां बैठी मिलीं, जो कस्टमर के आने का इंतजार कर रही थीं। पुलिस ने इन सभी सातों लड़कियों को अपनी निगरानी में लिया है।
पुलिस को होटल के रिसेप्शन पर नेपाल निवासी अनीता सुनार बैठी मिली थी। यही सेक्स रैकेट को संचालित कर रही थी। होटल में आने वाले कस्टमर से डील यही करती थी। जब पुलिस का कस्टमर होटल में पहुंचा तो अनीता ने ही उससे डील की थी। उससे 1000 रुपए में एक घंटे रूम के अंदर जाने के लिए कहा था। पुलिस ने अनीता को गिरफ्तार कर लिया है। युवतियों को दिल्ली से एजेंट के जरिए बुलाने वाली यही युवती है।
पुलिस ने होटल से रिसेप्शनिस्ट अनीता सुनार निवासी नेपाल, कस्टमर नितिन उर्फ नीरज वर्मा निवासी न्यू विवेक नगर गोला का मंदिर, सौरभ वर्मा निवासी इंद्रमणि नगर मेला ग्राउंड और होटल कर्मचारी दीपक वर्मा को पकड़ा है। इन सभी पर देह व्यापार अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर एक्शन लिया जा रहा है। इसके अलावा अलग-अलग कमरों से मिलीं 7 युवतियों को निगरानी में लेकर उनसे पूछताछ की जा रही है।
सेक्स रैकेट में पकड़ी गई युवतियों में दो चंडीगढ़ पंजाब, दो युवती मेरठ उत्तर प्रदेश, तीन लड़कियां पश्चिम बंगाल के दार्जिलिंग, सिलीगुड़ी व कोलकाता की हैं, जबकि नेपाल की युवती रैकेट चला रही थी। इन युवतियों को होटल वालों ने दिल्ली में एक एजेंट के जरिए बुक कर यहां बुलाया था।
पुलिस पूछताछ में पता लगा है कि होटल वाले एक कस्टमर से 1000 से 1500 रुपए वसूल करते थे। लडक़ी को इसका आधा पैसा मिलता था और आधे रुपए सेक्स रैकेट की सरगना सुनीता सुनार रखती थी। अब पुलिस पूछताछ कर रही है कि इन युवतियों को इसमें से कितना पैसा मिलता है।
*पुलिस ने बताया*
इस मामले में सीएसपी हिना खान ने बताया कि होटल स्मार्ट हवेली इन गेस्ट हाउस में देह व्यापार चलता मिला है। यहां से दो कस्टमर, संचालक नेपाल की युवती सहित 4 लोगों को पकड़ा है। जिन पर अनैतिक देह व्यापार अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। शेष सात युवतियों से पूछताछ की जा रही है।
