
मक्सी। देवास जिले में चल रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत सोनकच्छ पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद के निर्देश पर जिलेभर में अपराधियों पर सख्ती की जा रही है। इसी क्रम में 2 जनवरी की रात मुखबिर सूचना पर सोनकच्छ पुलिस ने ग्राम धतुरिया रोड पर घेराबंदी की। इस दौरान एक नीले रंग की मारुति स्विफ्ट कार को रोककर जांच की गई। कार की डिक्की से अंग्रेजी व देशी शराब की 7 पेटियां, कुल 62.280 लीटर शराब बरामद की गई, जिसकी कीमत 28,700 रुपये है। पुलिस ने शराब परिवहन में प्रयुक्त मारुति स्विफ्ट कार (कीमत लगभग 5 लाख रुपये) भी जब्त की। कुल मशरूका 5 लाख 28 हजार 700 रुपये का है। इस मामले में सावर निवासी विशाल दरबार और दिलीप बागवान को गिरफ्तार कर आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
