पड़ोसी को खीर खिलाकर मां-बेटे ने की चोरी

भैरूंदा। ग्राम लाड़कुई में एक महिला ने पड़ोसी बुजुर्ग के घर जाकर उसे खीर खिलाई और बाद में जब वह सो रहा था तब अपने नाबालिग पुत्र के साथ मिलकर उसके घर से लाखों के जेवरात व नगदी समेटकर चलते बनी. पुलिस ने लगभग सवा माह पुराने इस मामले का पटाक्षेप करते हुए आरोपी महिला व उसके नाबालिग पुत्र को गिरफ्तार कर लिया है. आरोपियों के पास से 25 लाख रुपए कीमती आभूषण एवं एक लाख रुपए नगदी भी बरामद हुई है.

गौरतलब है कि कृषि विभाग के ग्राम सेवक राजेन्द्र कुमार जोशी के घर से गत 5 मार्च की रात में लाखों रुपए के जेवरात व नगदी चोरी हो गए थे. फरियादी का पुलिस से कहना था कि बीते दिनों उनकी पत्नी ज्योति इंदौर में रहकर पढ़ाई कर रहे बेटे तनिष्क के पास चली गई थी. इस दौरान वह घर में अकेले थे. उनका कहना था कि घर के सभी आभूषण व नगदी लोहे की पेटी में रखे थे. 5 मार्च की रात को जब वह सो रहे थे, तब अज्ञात चोर उनके घर से जेवरात व नगदी चोरी कर ले गए. फरियादी की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी.

रहस्यमय ढंग से हुई चोरी के मामले में जब पुलिस ने बुजुर्ग श्री जोशी के बयान दर्ज किए तो पता चला कि पड़ोस में रहने वाले मुकेश वर्मा की 40 वर्षीय पत्नी अनिता 5 मार्च की रात खीर लेकर आई थी. उसके बाद घर में कोई और नहीं आया था. पुलिस ने जब महिला अनिता से पूछताछ की तो उसके द्वारा दिए गए बयान के आधार पर पुलिस को कुछ शक हुआ. जब पुलिस ने अपने तरीके से महिला से पूछताछ की तो उसने अपने नाबालिग पुत्र की मदद से वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया. उसे मालूम था कि जोशी अपने घर के आभूषण व नगदी लोहे की पेटी में रखते हैं और उसकी चाबी भी खूंटी पर लटकी रहती है. नतीजतन दोनों मां- बेटे ने मिलकर आसानी से इस वारदात को अंजाम दिया.

Next Post

एसएसपी ने अंबेडकर उद्यान में सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया

Sun Apr 13 , 2025
ग्वालियर। भारत रत्न डॉ.भीमराव अंबेडकर की जयंती से पूर्व अंबेडकर उद्यान में एसएसपी धर्मवीर सिंह सुरक्षा व्यवस्थाओं के निरीक्षण के लिए पहुंचे और 14 अप्रैल को होने वाले कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने अधीनस्थ अधिकारियों को दिशा निर्देश दिए। Facebook Share on X LinkedIn WhatsApp Email Copy Link

You May Like