
इस नीलामी में 1153.13 करोड़ रुपये का बिक्री मूल्य प्राप्त हुआ
4 परियोजनाओं की ई-नीलामी के माध्यम से कुल 8227.92 करोड़ रुपये का बिक्री मूल्य प्राप्त हुआ
एनबीसीसी (इंडिया) लिमिटेड ने एस्पायर लेज़र पार्क, ग्रेटर नोएडा (पश्चिम) में 14.60 लाख वर्ग फीट बिक्री योग्य क्षेत्रफल वाले 560 रिहायशी इकाइयों की ई-नीलामी सफलतापूर्वक संपन्न की, जिससे 1153.13 करोड़ रुपये का कुल बिक्री मूल्य प्राप्त हुआ। उच्च-हिस्सेदारी वाली इस नीलामी को जबरदस्त प्रतिक्रिया मिली जिसमें बोलियां आरक्षित मूल्य से काफी अधिक रहीं। यह निधि, बैंक ऋण भुगतान के साथ-साथ चालू परियोजनाओं की निधि आवश्यकता को कम करेगी।
माननीय उच्चतम न्यायालय द्वारा अनुवीक्षित परियोजना, एस्पायर लेज़र पार्क परियोजना में अत्याधुनिक सुविधाएं और कार्यनीतिक लोकेशन शामिल है जो इसे एक लोकप्रिय निवेश अवसर बनाती है। यह बिक्री, अटकी हुई आम्रपाली परियोजनाओं को पूर्ण करने में अहम सिद्ध होगी और कई घर खरीदारों का अपना घर होने के सपने को पूरा करेगी।
अब तक, आम्रपाली की कुल 4024 रिहायशी इकाइयों (10.49 मिलियन वर्ग फीट का बिक्री योग्य क्षेत्रफल) वाली 4 नई एफएआर परियोजनाओं (एस्पायर गोल्फ होम्स, एस्पायर सेंचुरियन पार्क, एस्पायर ड्रीम वैली और एस्पायर लेज़र पार्क) के लिए ई-नीलामी पूर्ण हो चुकी है, जिनका कुल बिक्री मूल्य 8227.92 करोड़ रुपये है।
इस सफल अंतरण के साथ, एनबीसीसी ने भारत में एक अग्रणी रियल एस्टेट डेवलपर के रूप में अपनी स्थिति मजबूत की है और साथ ही भारत में इस क्षेत्र में एकमात्र सार्वजनिक उपक्रम होने का गौरव भी प्राप्त किया है तथा डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से पारदर्शी और प्रतिस्पर्धी संपत्ति बिक्री हेतु नया मानक स्थापित किया है। ऐसा माना जा रहा है कि इस ई-नीलामी की सफलता से इस क्षेत्र में निवेशकों का विश्वास और बढ़ेगा तथा एनबीसीसी को संकटग्रस्त परिसंपत्ति परियोजनाओं के निष्पादन में अग्रणी के रूप में स्थापित करेगा एवं नोएडा/ग्रेटर नोएडा (पश्चिम), उत्तर प्रदेश के हजारों प्रभावित घर खरीदारों को राहत पहुंचाएगा।
