भोपाल: नर्सिंग शिक्षा में कथित घोटाले को लेकर राजनीतिक घमासान तेज हो गया है। नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने एक बार फिर मोहन सरकार को आड़े हाथों लेते हुए प्रदेश की नर्सिंग शिक्षा की दुर्दशा पर गहरी चिंता व्यक्त की है। सिंघार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपनी प्रतिक्रिया में कहा कि मध्य प्रदेश में नर्सिंग शिक्षा की हालत शर्मनाक है। उन्होंने इसके लिए बीजेपी सरकार की नाकामी को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि कभी प्रदेश में 300 से ज्यादा नर्सिंग कॉलेज थे, जो अब घटकर सिर्फ 95 रह गए हैं।
नेता प्रतिपक्ष ने CBI जांच का हवाला देते हुए कहा कि इस जांच में बड़े पैमाने पर फर्जीवाड़ा सामने आया है। उन्होंने बताया कि सैकड़ों कॉलेज मानकों पर खरे नहीं उतरे, जिसके कारण उन्हें बंद कर दिया गया। सिंघार ने इस घोटाले के बाद छात्रों के विश्वास टूटने की बात भी कही और दावा किया कि इसी वजह से 2023-24 के शैक्षणिक सत्र में एक भी दाखिला नहीं हुआ, जिससे पूरा सत्र शून्य रहा। सरकार की शिक्षा नीति पर सवाल उठाते हुए सिंघार ने कहा कि जो सरकार शिक्षा नीति पर बड़ी-बड़ी बातें करती है, उसी के राज में शिक्षा की ऐसी दुर्दशा क्यों हो रही है? उन्होंने बीजेपी से जवाब मांगा कि युवाओं का भविष्य इस तरह क्यों बर्बाद हो रहा है।
