
मौके पर पहुंचकर कलेक्टर ने दिए निर्देश
तहसीलदार-पटवारी तैयार करें प्रशासनिक रिपोर्ट
जबलपुर। रविवार दोपहर को मझौली के मोहनिया गांव में स्थित खेतों में अचानक आग भड़क उठी जिससे करीब 35 एकड़ गेेंहूं की फसल जलकर खाक हो गई। आग किन कारणों से लगी अभी इसका पता नहीं लग सका है। आग की ऊंची-ऊंची लपटें देख ग्रामीणों ने तत्काल फायर ब्रिगेड को सूचना दी जिसके बाद सिहोरा और कटंगी से फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। लेकिन जब तक फायर ब्रिगेड पहुंची तब तक गेंहूं की फसल जलकर खाक हो चुकी थी। बाद में फायर ब्रिगेड के द्वारा आग को बुझाया गया। प्रत्यक्षदर्शियों की माने तो कुछ ही मिनिट में करीब 35 एकड़ में लगी गेंहूं की फसल जलकर खाक हो गई थी।
जानकारी के अनुसार आग की घटना की जानकारी लगते ही मौके पर कलेक्टर दीपक सक्सेना पहुंचे और उन्होनें मझौली तहसीलदार, पटवारी को निर्देश दिए कि घटना को लेकर जांच रिपोर्ट तैयार की जाए। जानकारी के अनुसार रघुनाथ राय व अन्य किसानों के खेत मोहनिया में मौजूद थे जो कि अग्रिहादसे का शिकार हुए हैं। तहसीलदार वीर बहादुर सिंह ने बताया कि पटवारी के साथ खराब हुई फसल की रिपोर्ट तैयार की जा रही है, जिसे जल्द ही कलेक्टर को सौंपा जाएगा।
किसानों ने कुछ ये कहा…
मझौली के मोहनिया गांव के किसानों ने नवभारत को बताया कि गर्मी आते ही इस तरह की घटनाएं घटित होने लगतीं हैं। खेतों में आग कई कई बार शरातती तत्व भी लगा देते हैं तो कई बार खेत के ऊपर से गुजर रही बिजली की लाइन में स्पार्किंग की वजह से भी खेत में आग लग जाती है।
