योगी ने नशे के खिलाफ जागरूकता के लिए दो वाहनों को किया रवाना

गोरखपुर 06 अप्रैल (वार्ता) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रामनवमी के पावन अवसर पर नशा मुक्त भारत अभियान के तहत गोरखनाथ मंदिर से नशे के खिलाफ जागरूकता के लिए दो वाहनों प्रदर्शनी मोबाइल वैन को झंडी दिखाकर रवाना किया।

ये जागरूकता वाहन सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग भारत सरकार एवं स्वापक नियंत्रण ब्यूरो के सहयोग से प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के मेडिकल विंग द्वारा चलाए जा रहे हैं।

वाहनों को रवाना करने के साथ ही मुख्यमंत्री ने अभियान की सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर ब्रह्मकुमारीज की तरफ से मुख्यमंत्री का अभिनंदन किया गया और उन्हें संस्था के मुख्यालय माउंट आबू से लाए शिव बाबा के प्रसाद को भेंट किया गया। नशा मुक्त भारत अभियान का लक्ष्य आगामी दो सालों में प्रदेश के सभी जिलों में अधिक से अधिक गांवों में मोबाइल वैन में लगे ऑडियो वीडियो प्रदर्शनी से लोगों को नशे के दुष्प्रभाव से जागरूक करना है।

गोरखनाथ मंदिर में जागरूकता वाहनों की रवानगी के दौरान शाहपुर ब्रह्मकुमारीज सेवा केंद्र की प्रभारी बीके पारुल, मोहद्दीपुर केंद्र की बीके पुष्पा, मुख्यालय से आए मेडिकल विंग के सचिव डॉ़ बनारसी भाई, बीके पूजा सहित बड़ी संख्या में संस्था के स्वयंसेवी उपस्थित रहे।

Next Post

वक्फ संशोधन कानून बनने पर मोहन यादव ने प्रसन्नता जाहिर की

Sun Apr 6 , 2025
भोपाल, 06 अप्रैल (वार्ता) मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु द्वारा वक्फ संशोधन विधेयक 2025 को मंजूरी देने यानी विधेयक के कानून बन जाने पर प्रसन्नता व्यक्त की है। डॉ यादव ने सोशल मीडिया एक्स के जरिए कहा, “आदरणीय राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु जी द्वारा […]

You May Like