भोपाल, 06 अप्रैल (वार्ता) मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु द्वारा वक्फ संशोधन विधेयक 2025 को मंजूरी देने यानी विधेयक के कानून बन जाने पर प्रसन्नता व्यक्त की है।
डॉ यादव ने सोशल मीडिया एक्स के जरिए कहा, “आदरणीय राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु जी द्वारा वक्फ संशोधन विधेयक 2025 को मंजूरी मिलने के साथ ही अब यह अधिनियम बन गया है। निश्चित ही यह अधिनियम वक्फ संपत्तियों के पारदर्शी, न्यायसंगत और जवाबदेह प्रबंधन को सुनिश्चित करते हुए इसका लाभ वास्तव में जरूरतमंद, गरीब और वंचित मुस्लिम समाज के लोगों तक पहुंचाएगा, जिससे उनके शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास और रोजगार के अवसरों का नया मार्ग प्रशस्त होगा। आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में केंद्र सरकार न्याय और सशक्तिकरण के मूलमंत्र के साथ प्रत्येक वर्ग एवं समुदाय के उत्थान के लिए संकल्पित है। आदरणीय प्रधानमंत्री जी, माननीय केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह जी और माननीय अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री श्री किरेन रिजूजू जी को इस साहसी, दूरदर्शी, संवैधानिक और अभूतपूर्व निर्णय हेतु हार्दिक बधाई एवं सभी देशवासियों को शुभकामनाएं।”
राज्य मंत्रिमंडल के सदस्यों और केंद्र तथा मध्यप्रदेश में सत्तारूढ़ दल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अन्य नेताओं ने भी वक्फ संशोधन विधेयक के कानून बनने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए सभी देशवासियों को बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।
