
कटनी । जिला अभी लमतरा ओवरब्रिज के पास हुए भीषण बस-ट्रक हादसे के सदमे से उबर भी नहीं पाया था कि सोमवार को एक और दर्दनाक सड़क हादसे ने जिले को दहला दिया। कटनी-जबलपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्लीमनाबाद थाना क्षेत्र के ग्राम तेवरी के पास एक तेज रफ्तार पिकअप ने बाइक सवार दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।
मोड़ पर काल बनकर आई पिकअप
मिली जानकारी के अनुसार, बिलहरी चौकी क्षेत्र के ग्राम घूघरा निवासी संतोष सेन और चंदू आदिवासी सोमवार दोपहर लगभग 3:30 बजे अपनी मोटरसाइकिल (क्रमांक MP 21 ZE 9048) से तेवरी की ओर जा रहे थे। जैसे ही उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग से तेवरी गांव की तरफ अपनी बाइक मोड़ी, तभी कटनी से जबलपुर की ओर अत्यधिक रफ्तार से जा रही एक पिकअप (क्रमांक MP 28 G 9373) ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।
टक्कर इतनी जोरदार की उछलकर दूर गिरे युवक
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी भयानक थी कि बाइक सवार दोनों युवक हवा में उछलकर काफी दूर जा गिरे। पिकअप चालकों को रौंदते हुए कुछ दूरी पर जाकर रुकी। दोनों युवकों के सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आने के कारण उन्होंने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
