हाथी के हमले में सुरक्षा कर्मी की मौत

 

बांधवगढ़ के आमा नाला हाथी कैम्प में हुआ हादसा

 

उमरिया। बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के परिक्षेत्र ताला अंतर्गत आमा नाला हाथी कैम्प में हाथी अष्टम ने सुरक्षा कर्मी नागेंद्र सिंह को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

बताया जाता है कि सुरक्षा श्रमिक की हाल ही में आमा नाला स्थित हाथी कैम्प में ड्यूटी पार्क प्रबंधन ने लगाई थी। जहां सुरक्षा श्रमिक बांधवगढ़ टाईगर रिजर्व के पालतू हाथी अष्टम को चारा देने पास में गया, वैसे ही हाथी ने सुरक्षा श्रमिक को उठाकर पटक दिया और कुचल दिया जिससे उसकी मौत हो गई।घटना की जानकारी लगते ही पार्क प्रबंधन ने शव को पोस्टमार्टम कराने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मानपुर लाया जहां पोस्टमार्टम कराया गया। बता दें कि मृतक नागेंद्र सिंह पिता बाबू सिंह ग्राम देवरी मझखेता का निवासी था, वहीं मामले को लेकर स्थाई कर्मी कल्याण संघ के प्रदेश सचिव विनोद भट्ट ने बाँधवगढ़ टाईगर रिजर्व के अधिकारियों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि बांधवगढ़ टाईगर रिजर्व प्रबंधन सुरक्षा श्रमिकों और निचले स्तर के कर्मचारियों पर अनैतिक दबाव बनाकर उनसे 24 घंटे और बिना सुरक्षा व्यवस्था के काम ले रहा है। मृतक नागेंद्र सिंह अकुशल श्रमिक था और उसे हाथी कैम्प में कार्य करने का अनुभव नही था, बावजूद इसके भी उससे वहां कार्य कराया जा रहा था, जबकि अधिकारियों को मालूम था कि हाथी मद में है, लेकिन जानबूझकर उसकी वहां ड्यूटी लगाई गई। श्री भट्ट ने मामले में दोषियों पर कार्यवाही की मांग करते हुए मृतक के परिजनों को 25 लाख रुपये मुआवजा देने के साथ ही नौकरी की मांग की।

Next Post

अज्ञात कारणों से एक की मौत  

Sat Mar 29 , 2025
  उमरिया। जिले के इंदवार थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति का शव शुक्रवार को कुसमहा में मिला। कुसमहा खुर्द में मिले शव की पहचान जीवन बैगा (52) के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक जीवन शराब के नशे में था और वह अपने घर नहीं लौटा। सुबह उसका शव […]

You May Like