
सीहोर. शहर के थाना मंडी में उस वक्त अप्रिय स्थिति निर्मित हो गई जब एक महिला द्वारा की गई शिकायत के आधार पर पुलिस ने एक व्यक्ति को थाने बुलाया. थाने आने पर उस व्यक्ति ने बताया कि वह झूठे आरोप व पुलिस से प्रताडि़त होकर सल्फास का सेवन करके आया है. इस दौरान उसकी तबियत बिगडऩे लगी तो थाना प्रभारी उसे जिला अस्पताल लाईं. यहां से उसे भोपाल रेफर किया गया है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार मंडी थाना क्षेत्र के ग्राम मुंगावली निवासी एक महिला ने गांव के ही पर्वतसिंह भील के खिलाफ थाने में प्रकरण दर्ज कराया था. इस मामले में पूछताछ के लिए पुलिस ने उसे शनिवार को थाने बुलाया था. बताया जाता है कि वह थाने पहुंचा और बताया कि उसने सल्फास का सेवन कर लिया है. उसका आरोप था कि उसके खिलाफ झूठा प्रकरण बनाया है. उसने पुलिस पर प्रताडि़त करने के आरोप भी लगाए. इस दौरान उसकी तबीयत खराब होने लगी तो उसे थाना प्रभारी माया सिंह जिला अस्पताल लेकर आईं. यहां से उसे भोपाल रेफर कर दिया गया. मरणासन्न अवस्था के चलते उसके बयान दर्ज किए गए जिसमें उसने पुलिस पर प्रताडि़त करने का आरोप लगाया है. उसका कहना था कि थाने में मौजूद नीली शर्ट पहने व्यक्ति द्वारा उससे रुपए की मांग की जा रही थी. मामले में थाना प्रभारी का कहना है कि पर्वत सिंह का उपचार जारी है. उसके दिए गए कथन की जांच के बाद आगामी कार्रवाई की जाएगी.
