श्रीलंका की जेलों में बंद हैं 97 भारतीय मछुआरे : सरकार

नयी दिल्ली 27 मार्च (वार्ता) विदेश मंत्री एस जयशंकर ने गुरूवार को राज्यसभा को बताया कि अभी 97 भारतीय मछुआरे श्रीलंका की जेलों में बंद हैं।

डा . जयशंकर ने सदन में प्रश्नकाल के दौरान पूरक प्रश्नों के जवाब में यह बात कही। उन्होंने कहा कि श्रीलंका सरकार ने पिछले दो तीन वर्षों में इस संबंध में कड़े कानून बनाये हैं। भारत सरकार मछुआरों की रिहायी के बारे में श्रीलंका सरकार के साथ राजनयिक स्तर पर समय समय पर बात करती रहती है। उन्होंने कहा कि गलती से श्रीलंका की समुद्री सीमा में चले जाने वाले मछुआरों की सहायता के लिए सरकार उनकी नौकाओं पर ट्रांसपोंडर लगाने का काम कर रही है। इसके अलावा मछुआरों को दूसरे विकल्प भी दिये जा रहे हैं।

विदेश मंत्री ने कहा कि इसके अलावा प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना के अंतर्गत भी मछुआरों को सहायता दी जाती है।

पर्यावरण , वन और जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेन्द्र यादव ने एक अन्य पूरक प्रश्न के जवाब में कहा कि केरल में मानव- पशु संघर्ष की घटनाओं में 344 लोगों की मृत्यु हुई है। उन्होंने कहा कि मनुष्य और वन्य जीवों के बीच संघर्ष एक चुनौती है। उन्होंने कहा कि 344 लोगों में से ज्यादातर की सांप के काटने से मृत्यु हुई है जबकि एक सौ तीन लोगों की मृत्यु हाथियों के कारण हुई है। उन्होंने कहा कि इस संबंध में स्थिति के अध्ययन के लिए कोयम्बटूर में एक वैज्ञानिक कैन्द्र बनाया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि वन्यजीव कानूनों के तहत पंचायतों को भी यह अधिकार दिया गया है कि यदि कोई जानवर फसलों या मनुष्यों के लिए खतरनाक हो जाता है तो उसे मारा जा सकता है।

प्रधानमंत्री कार्यालय में राज्य मंत्री डा जितेन्द्र सिंह ने एक अन्य पूरक प्रश्न के जवाब में बताया कि देश में परमाणु कार्यक्रम के जनक डा. होमी जहांगीर भाभा के लक्ष्यों को पूरा करने के लिए सरकार ने न्यूक्लियर मिशन के गठन की घोषणा की है। इससे देश की ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने तथा स्वच्छ ऊर्जा लक्ष्यों को हासिल किया जायेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि भारत 2047 तक 100 गीगावाट परमाणु ऊर्जा के लक्ष्य को हासिल कर लेगा। उन्होंने कहा कि इस दिशा में तेजी से आगे बढने के लिए परमाणु क्षेत्र को निजी क्षेत्र के लिए खोल दिया गया है। उन्होंने कहा कि परमाणु ऊर्जा विभाग के बजट में 114 प्रतिशत की बढोतरी की गयी है।

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सदन में मौजूदगी के बीच कहा कि न्यूक्लियर मिशन के तहत विस्तार कार्य में उत्तर प्रदेश में 220 मेगावाट के दो रिएक्टर बनाये जायेंगे। उन्होंने कहा कि देश के अलग अलग हिस्सों में शुरू में पांच छोटे रिएक्टर बनाये जायेंगे और इसके लिए राशि का आवंटन किया गया है। केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि महाराष्ट्र में जैतापुर परमाणु परियोजना में कुछ बाधाएं आयी हैं लेकिन सरकार इस परियोजना के बारे में सकारात्मक कदम उठाते हुए आगे बढ रही है।

संस्कृति मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने एक प्रश्न के जवाब में बताया कि पिछले 11 वर्षों में विदेशों से 642 पुरावशेषों को वापस लाया गया है। उन्होंने कहा कि इनको सत्यापित करने की प्रक्रिया लंबी होती है और इसके बाद इन्हें संग्रहालय में रखा जाता है। उन्होंने कहा कि इस तरह के पुरावशेषों के लिए पुराना किला में भी एक विशेष संग्रहालय बनाया गया है। संस्कृति मंत्री ने कहा कि अभी अलग अलग देशों से 72 पुरावशेषों को वापस लाये जाने की प्रक्रिया विचाराधीन है।

उन्होंने कहा कि सरकार विभिन्न देशों के साथ समझौते भी कर रही हैं।

पर्यावरण , वन और जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेन्द्र यादव ने एक अन्य प्रश्न के जवाब में कहा कि गुजरात के कच्छ में घोराड़ पक्षी के संरक्षण के लिए 21 गांवों को संरक्षण क्षेत्र घोषित किया गया है। उन्होंने कहा कि राजस्थान में भी इस दिशा में कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इससे पर्यटन क्षेत्र को भी लाभ मिलेगा।

Next Post

लोकसभा में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, आशा वर्कर के मानदेय बढ़ाने की उठी मांग

Thu Mar 27 , 2025
नयी दिल्ली, 27 मार्च (वार्ता) लोकसभा में गुरुवार को आंगनवाड़ी, आशा वर्कर्स और रसोइयाें का मानदेय बढ़ाने की मांग की गयी। निर्दलीय सांसद राजेश रंजन शून्य काल में आंगनवाड़ी, आशा वर्कर्स और रसोइयाें का मानदेय बढ़ाने की मांग करते हुये कहा कि सांसदों का वेतन तो बढ़ा दिया गया है, […]

You May Like