चार वर्षों से फरार आरोपियों पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई
इंदौर: किशनगंज थाना पुलिस ने चार साल से फरार चल रहे फिरौती के लिए अपहरण करने वाले बदमाशों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अपहरण में प्रयुक्त एक्सेंट कार एमएच 03 सीएच 1256 और एक देशी पिस्टल व दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं.बोरखेड़ी में रहने वाले 30 वर्षीय फरियादी रविंद्र आंजना का अवकेश जायसवाल और उसके दो साथियों ने फिरौती के लिए अपहरण कर लिया था. आरोपियों ने उसे कार में डाल लिया, लेकिन पीड़ित किसी तरह कार से कूदकर भाग निकला.
इस घटना की रिपोर्ट 13 मार्च 2021 को थाना किशनगंज में दर्ज की गई, जिसके आधार पर आपराधिक प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई. पुलिस ने आरोपियों की तलाश में लगातार प्रयास किए, लेकिन वे फरार रहे. जांच के दौरान जानकारी मिली कि अवकेश जायसवाल को भोपाल के छोला रोड थाना क्षेत्र में गिरफ्तार किया गया है. पुलिस ने उसे रिमांड पर लेकर पूछताछ की, तो उसने अपने साथी अनिल सिंह भदौरिया और प्रमोद कुशवाह के साथ मिलकर अपहरण की साजिश रचने की बात कबूली. आरोपियों ने चौपाटी चौराहा, मनाल होटल के पास से रविंद्र आंजना को एक्सेंट कार एमएच 03 सीएच 1256 में अगवा किया था और फिरौती वसूलने की योजना बनाई थी.
जांच के दौरान पता चला कि अनिल सिंह भदौरिया और प्रमोद कुशवाह भोपाल में ही छिपे हुए थे. पुलिस ने भोपाल में छापेमारी कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया और घटना में प्रयुक्त कार भी जब्त कर ली. 38 वर्षीय अवकेश जायसवाल उर्फ विकास निवासी जिला कोरबा छत्तीसगढ़, हाल निवासी भोपाल, 34 वर्षीय अनिल सिंह भदौरिया निवासी ग्राम जमोरा, जिला भिंड, हाल निवासी मिसरोद, भोपाल तथा 27 वर्षीय प्रमोद कुशवाह निवासी शाहपुरा, भोपाल को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपियों अवकेश जायसवाल के पास से एक 32 बोर की देशी पिस्टल व दो जिंदा कारतूस, तथा प्रमोद कुशवाह के पास से अपहरण में प्रयुक्त एक्सेंट कार एमएच 03 सीएच 1256 जब्त की है.
