दक्षिणी लेबनान में इजरायली ड्रोन हमले में वरिष्ठ हिजबुल्लाह कमांडर मारा गया

बेरूत/यरूशलम, 26 मार्च (वार्ता) दक्षिणी लेबनान के नबातिह में इजरायली ड्रोन हमले में मंगलवार को लेबनानी सशस्त्र समूह हिजबुल्लाह का एक वरिष्ठ सैन्य कमांडर मारा गया।

लेबनानी सुरक्षा सूत्रों ने कहा, “एक इजरायली ड्रोन ने ककाइयात अल-जिसर गांव में एक नागरिक वाहन पर हवा से जमीन पर मार करने वाली मिसाइल दागी, जिससे एक व्यक्ति की मौत हो गई और कार में आग लग गई।”

अज्ञात सूत्र ने बताया कि नागरिक सुरक्षा दलों की ओर से नबातियेह के एक अस्पताल में ले जाए गए, शव की पहचान हिजबुल्लाह के सैन्य कमांडर हसन कमाल हलावी के रूप में हुई है।

लेबनान के सार्वजनिक स्वास्थ्य आपातकालीन संचालन केंद्र ने एक बयान में कहा कि प्रारंभिक रिपोर्टों के अनुसार मृत व्यक्ति एक नागरिक था। वहीं, इजरायली सेना ने पुष्टि की कि उसने नबातिया में ड्रोन हमला किया और हिज़बुल्लाह के दक्षिणी लेबनान में टैंक रोधी इकाई के प्रमुख हलावी को मार गिराया।

युद्ध के दौरान हलावी को इजरायल के खिलाफ कई आतंकवादी हमलों का जिम्मेदार बताया गया है। आरोप है कि उसने दक्षिणी लेबनान में हथियारों और गुर्गों की आवाजाही को सुगम बनाया और हाल के महीनों में इजरायली नागरिकों के खिलाफ आतंकवादी गतिविधियों में संलिप्त रहा। इसी बीच, 27 नवंबर 2024 से हिज़बुल्लाह और इजरायल के बीच अमेरिका और फ्रांस की मध्यस्थता में युद्धविराम लागू हो गया, जिससे गाजा युद्ध के कारण एक साल से अधिक समय से जारी शत्रुता समाप्त हो गई है।

इस समझौते के बावजूद, इजरायली सेना ने 18 फरवरी की समय सीमा के बाद भी सीमा पर पांच प्रमुख स्थानों पर अपनी स्थिति बनाए रखी है। इजरायली सेना लेबनान में बनी हुई है और हिज़बुल्लाह के खतरे का हवाला देकर हमले जारी रख रही है।

 

 

 

Next Post

सृजन पोर्टल पर विद्यार्थी 19 अप्रैल तक कर सकेंगे नवाचारों के प्रोजेक्ट अपलोड

Wed Mar 26 , 2025
भोपाल, 26 मार्च (वार्ता) राजीव गांधी प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के अंतर्गत संचालित कार्यक्रम ‘सृजन’ पोर्टल पर, शोधार्थी विद्यार्थियों के नवाचारी प्रोजेक्ट्स विवरण अपलोड करने की सुविधा 25 मार्च से शुरू कर दी गई है। आधिकारिक जानकारी के अनुसार सृजन पोर्टल पर संबंधित संस्थाओं द्वारा अप्लाई किये जाने वाले प्रोजेक्ट्स के बारे […]

You May Like