ऑपरेशन मेरी सहेली में रेलवे ने 15 हजार से अधिक महिला यात्रियों को सहायता दी 

भोपाल। महिला यात्रियों की सुरक्षा को लेकर रेलवे द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है. रेलवे सुरक्षा बल की तरफ से ऑपरेशन मेरी सहेली जागरूकता अभियान से सतर्क रहने की जानकारी साझा की जा रही है। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ कटारिया ने बताया कि ऑपरेशन मेरी सहेली के तहत आरपीएफ कर्मियों द्वारा महिला यात्रियों को विशेष रूप से ट्रेनों में सफर के दौरान सुरक्षा का एहसास दिलाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि महिला यात्रियों को सहायता प्रदान करने के लिए आरपीएफ की विशेष टीम तैनात है, जो ट्रेनों और स्टेशनों पर उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करती है। इस अभियान का उद्देश्य महिला यात्रियों को सुरक्षित यात्रा का अनुभव प्रदान करना और किसी भी प्रकार के संकट से सुरक्षित रखने के लिए आवश्‍यक कदम उठाना है. ऑपरेशन मेरी सहेली के तहत रेलवे सुरक्षा बल, पश्चिम मध्‍य रेलवे द्वारा वर्ष 2025 में अब तक 15,599 महिला यात्रियों को सु‍रक्षित यात्रा के लिए सहायता प्रदान की गई है। इन यात्रियों को उनके गंतव्य तक सुरक्षित रूप से पहुँचाने में रेलवे सुरक्षा बल ने सक्रिय भूमिका निभाई।

ऑपरेशन मेरी सहेली का उद्देश्य

इस अभियान का मुख्‍य उद्देश्य महिला यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देना है। रेलवे सुरक्षा बल ने विशेष सुरक्षा प्रबंध किए हैं, ताकि महिला यात्री यात्रा के दौरान आत्‍मविश्‍वास और सुरक्षित महसूस करें। इसके साथ ही आरपीएफ द्वारा महिला यात्रियों को सुरक्षा उपायों और जागरूकता के बारे में भी जानकारी दी गई है, ताकि किसी भी संकट की स्थिति में त्‍वरित सहायता मिल सके।

ऑपरेशन मेरी सहेली के तहत उठाए गए कदम

महिला यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आरपीएफ ने विभिन्‍न पहलुओं पर कार्य किया है, जिनमें विशेष सुरक्षा प्रबंध में रेलवे स्‍टेशनों और ट्रेनों में महिला यात्रियों की सुरक्षा के लिए महिला आरपीएफ कर्मी तैनात किए गए हैं। जागरूकता अभियान से महिला यात्रियों को सुरक्षा संबंधी महत्‍वपूर्ण जानकारी प्रदान की जा रही है। इसमें चोरी, छेड़छाड़ या आपातकालीन स्थिति में सहायता प्राप्त करने के उपायों की जानकारी दी जाती है। तत्‍काल समाधान एवं सहायता को लेकर महिला यात्रियों की शिकायत या समस्या का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया गया है। आरपीएफ ने यात्रियों की शिकायतों के शीघ्र समाधान के लिए 24 घंटे उपलब्ध हेल्पलाइन नंबर 139 जारी किया है।

महिला यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण सावधानियां:

यात्रा के दौरान अपने सामान और व्यक्तिगत सुरक्षा पर ध्यान दें। ट्रेन या स्टेशन पर किसी संदिग्ध व्यक्ति से सतर्क रहें। किसी भी समस्या की स्थिति में तुरंत आरपीएफ हेल्पलाइन 139 या नजदीकी पुलिस स्टेशन से संपर्क करें। मंडल रेल प्रबंधक देवाशीष त्रिपाठी के मार्गदर्शन में महिला यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए यह अभियान चलाया जा रहा है.

Next Post

मार्च में होने वाली नर्सिंग परीक्षा अब अप्रैल-मई में होगी   

Sun Mar 23 , 2025
भोपाल। मप्र में नर्सिंग के विद्यार्थियों की परीक्षा की तारीखों को एक बार फिर आगे बढ़ा दिया गया. है. आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय (एमपीएमएसयू) ने मार्च महीने में होने वाली परीक्षा की तारीख अब अप्रैल और मई के महीने में कर दी है. परीक्षा की तारीखें अब तक 4 बार बदली जा […]

You May Like

मनोरंजन