कोलंबो, 21 मार्च (वार्ता) श्रीलंका वायु सेना (एसएलएएफ) का एक प्रशिक्षण विमान शुक्रवार सुबह उत्तर पश्चिमी प्रांत में स्थित वारियापोला में दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें दोनों पायलट सुरक्षित बाहर निकल आए।
वायु सेना के प्रवक्ता एरंडा गीगनेज ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि विमान पूर्वी श्रीलंका में एसएलएएफ अकादमी से उड़ान भरने के बाद एक प्रशिक्षण मिशन पर था।
गीगनेज ने कहा कि दोनों पायलट सुरक्षित बाहर निकल आए और उन्हें केवल मामूली चोटें आईं। उन्हें इलाज के लिए एक क्षेत्रीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
दुर्घटना की जांच शुरू कर दी गयी है।
एसएलएएफ एक पुराने बेड़े का संचालन करता है और इस महीने की शुरुआत में, राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके ने संसद को बताया कि आने वाले वर्षों में बेड़े को आधुनिक बनाने की योजना है।
