फरवरी में घरेलू हवाई यात्रियों की संख्या में 13 प्रतिशत की बढ़ोतरी

फरवरी में घरेलू हवाई यात्रियों की संख्या में 13 प्रतिशत की बढ़ोतरी

नई दिल्ली, 20 मार्च (वार्ता) भारत में हवाई यात्रा की निरंतर बढ़ती मांग की बदौलत इस वर्ष फरवरी में घरेलू हवाई यात्रियों की संख्या 13.1 प्रतिशत की सालाना बढ़ोतरी के साथ 143 लाख तक पहुंच गई।

अनुसंधान और रेटिंग कंपनी इक्रा की गुरुवार को जारी रिपोर्ट के अनुसार, चालू वित्त वर्ष 2024-25 के पहले 11 महीनों में घरेलू हवाई यात्री यातायात 7.7 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 1551 लाख तक पहुंच गया, जो हवाई यात्रा की निरंतर बढ़ती मांग को दर्शाता है। फरवरी 2025 में एयरलाइनों की क्षमता तैनाती फरवरी 2024 की तुलना में 5.1 प्रतिशत अधिक रही।

रिपोर्ट में हालांकि कहा गया है कि जनवरी 2025 की तुलना में यह 7.2 प्रतिशत कम रही। फरवरी में यात्री भार कारक (पीएलएफ) 95.3 प्रतिशत रहने का अनुमान है, जो फरवरी 2024 के 89 प्रतिशत और कोविड-पूर्व फरवरी 2020 के 87.7 प्रतिशत से अधिक है।

भारत से अंतरराष्ट्रीय हवाई यातायात में भी उल्लेखनीय वृद्धि देखी गई। वित्त वर्ष 2025 के पहले 10 महीनों में भारतीय विमानों के लिए अंतरराष्ट्रीय यात्रियों की संख्या 280.9 लाख तक पहुंच गई। यह आंकड़ा पिछले साल की तुलना में 14.8 प्रतिशत अधिक है और कोविड-पूर्व 198.8 लाख यात्रियों से 41.3 प्रतिशत अधिक है।

रिपोर्ट में यह भी कहा गया कि भारत उन गिने-चुने देशों में से एक है, जहां घरेलू विमानन कंपनियों की अंतरराष्ट्रीय बाजार में प्रमुख हिस्सेदारी नहीं है। पिछले तीन वर्षों में अंतरराष्ट्रीय मार्गों पर विदेशी एयरलाइनों की बाजार हिस्सेदारी 55-60 प्रतिशत के बीच रही है।

इक्रा ने बताया कि ऐतिहासिक रूप से भारत की प्रतिबंधात्मक नीतियां, धीमी सुधार प्रक्रियाएं और कमजोर विमानन बुनियादी ढांचा इसके लिए जिम्मेदार रहे हैं। हालांकि, अब भारतीय विमानन कंपनियां अंतरराष्ट्रीय विस्तार पर ध्यान केंद्रित कर रही हैं, जिससे आने वाले वर्षों में उनकी बाजार हिस्सेदारी बढ़ने की उम्मीद है।

Next Post

नाइट्स अनप्लग्ड 2.0 में एकत्रित हुए केकेआर के सितारे

Thu Mar 20 , 2025
कोलकाता, 20 मार्च, (वार्ता) इंडियन प्रीमीयर लीग (आईपीएल) में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ बहुप्रतीक्षित मुकाबले से पहले कोलकाता नाइट राइडर्स की स्टार-स्टडेड टीम बिस्वा बांग्ला मेला प्रांगण में आयोजित नाइट्स अनप्लग्ड 2.0 इवेंट के मंच पर अपने प्रशंसकों के समक्ष पेश हुए। बुधवार को हुये इस कार्यक्रम में पांच […]

You May Like