सकरी गलियों और भारी धुएं के बीच दमकल कर्मियों ने पाया आग पर काबू
इंदौर:शहर के सबसे बड़े क्लॉथ मार्केट में गुरुवार सुबह भीषण आग लग गई, जिससे आधा दर्जन से अधिक दुकानें चपेट में आ गईं. आग से करोड़ों रुपए के माल के नुकसान की आशंका जताई जा रही है.फायर ब्रिग्रेड के उप निरीक्षक सुशील कुमार दुबे ने बताया कि सुबह 6:30 बजे फायर ब्रिगेड को सूचना मिलने पर दमकल की गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुंचीं. आग बुझाने में सकरी गलियों और भारी धुएं के कारण काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा.
स्थानीय लोगों की मदद से पाइप डालकर आग पर काबू पाने के प्रयास किए गए. दुकानों में भारी मात्रा में कपड़ा भरा होने के कारण आग तेजी से फैल गई, जिससे दमकल कर्मियों को घंटों मशक्कत करनी पड़ी. सुबह 10 बजे तक आग पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया गया. फिलहाल, धुएं को ठंडा करने के लिए पानी का छिड़काव जारी है. आग कैसे लगी, इसका कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है. प्रशासन और पुलिस विभाग द्वारा मामले की जांच की जा रही है.
