भोपाल, 13 मार्च (वार्ता) मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आज होली पर समस्त प्रदेशवासियों को बधाई और मंगलकामनाएं दी हैं।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार डॉ. यादव ने कहा कि होली का उत्सव होलिका दहन की कथा का स्मरण करवाता है। भक्त प्रहलाद का ईश्वर के प्रति प्रेम इसमें स्पष्ट झलकता है। होलिका दहन में भक्त प्रहलाद को स्वयं नारायण (ईश्वर) ने जीवनदान दिया। मध्यप्रदेश में होली से रंगपंचमी तक अलग-अलग अंचल में उत्सव के अनेक स्वरूप दिखाई देते हैं।
इस बीच मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने गुरुवार की रात्रि मुख्यमंत्री निवास में विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर होलिका दहन किया। उन्होंने मुख्यमंत्री निवास कार्यालय के अधिकारियों और कर्मचारियों को होली की बधाई दी।
