आईसीसी ट्रॉफी फाइनल में सट्टा खिलाने वाले 6 बुकियों को किया गिरफ्तार
लेपटॉप और मोबाइल किए जब्त
इंदौर: आईसीसी चैम्पियंस ट्रॉफी के फाइनल मुकाबले पर सट्टा खिलाने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश करते हुए क्राइम ब्रांच ने स्कीम नंबर 78 स्थित मंगलम अपार्टमेंट से छह बुकियों को गिरफ्तार किया है. आरोपियों के पास से लैपटॉप, मोबाइल और अन्य संदिग्ध दस्तावेज बरामद किए गए हैं. क्राईम की टीम आरोपियों से पूछताछ कर रही है.एडिशनल डीसीपी क्राईम ब्रांच राजेश दंडोतिया ने बताया कि क्राईम ब्रांच को सूचना मिली थी कि स्कीम नंबर 78 स्थित एक फ्लैट में सट्टा खिलाया जा रहा है. सूचना के आधार पर टीम ने छापा मारकर छह लोगों को गिरफ्तार किया, जिनकी पहचान इस प्रकार है.
रवि चौधरी (बड़नगर, उज्जैन), नीलेश पाटीदार (रतलाम), मोहित नागर (इंदौर), सचिन यादव (बड़नगर), विशाल यादव (रतलाम), साहिल खान (एमआर 10, इंदौर) है. छापेमारी के दौरान क्राइम ब्रांच ने 29 मोबाइल, 9 लैपटॉप, 4 दर्जन से अधिक बैंक खातों की जानकारी, कई एटीएम कार्ड और संदिग्ध दस्तावेज बरामद किए हैं. पूछताछ में सामने आया कि आरोपी फर्जी नाम और पते पर लिए गए सिम कार्डों का इस्तेमाल कर रहे थे.
आरोपी ‘वीन जॉय डॉट कॉम’ और ‘रिबेल 24 डॉट कॉम’ जैसी ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए क्रिकेट सट्टे का संचालन कर रहे थे. वे ग्राहकों को इन वेबसाइटों की आईडी और पासवर्ड उपलब्ध कराते थे, जिसके लिए पहले एडवांस रकम जमा कराई जाती थी. फिलहाल पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ जुआ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच जारी है. आशंका जताई जा रही है कि इस गिरोह के और भी कई साथी हो सकते हैं, जिनकी तलाश की जा रही है. पुलिस की टीम बैंक खातों और ऑनलाइन ट्रांजेक्शन की जांच कर यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस सट्टेबाजी रैकेट का नेटवर्क कितनी दूर तक फैला हुआ है
