ढाका, (वार्ता) बंगलादेश की अंतरिम सरकार के विदेश मामलों के सलाहकार मोहम्मद तौहीद हुसैन ने अपने मधुर होते संबंधों को आगे बढ़ाते हुए रविवार को जेद्दा में पाकिस्तानी उप प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री मोहम्मद इशाक डार से मुलाकात की।
ढाका में पाकिस्तान उच्चायोग की ओर से जारी एक प्रेस बयान के अनुसार बैठक सौहार्दपूर्ण माहौल में हुई, जो दोनों पक्षों की भाईचारे की भावनाओं को दर्शाता है।
‘ढाका ट्रिब्यून’ की रिपोर्ट के अनुसार शुक्रवार को इस्लामिक सहयोग संगठन (ओआईसी) के विदेश मंत्रियों की परिषद की असाधारण बैठक के दौरान दोनों नेताओं की मुलाकात हुई।
प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार बैठक के दौरान दोनों पक्षों ने द्विपक्षीय संबंधों के बढ़ते रुझान पर संतोष व्यक्त किया और आपसी हित के सभी क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर सहमति व्यक्त की।
उन्होंने दोनों देशों के बीच “ऐतिहासिक, धार्मिक और सांस्कृतिक संबंधों” पर प्रकाश डाला और विशेष रूप से व्यापार, लोगों के बीच संपर्क और सांस्कृतिक आदान-प्रदान में सहयोग को मजबूत करने पर सहमति व्यक्त की।
