ग्वालियर: महाराज बाड़ा शहर का सबसे व्यस्त और महंगा इलाका है। यहां हरियाली देखने को नहीं मिलती, लेकिन गरिमा वैश्य ने इस जगह को हरे-भरे बगीचे में बदल दिया है। गरिमा नेअपने चार मंजिला घर की छत और हर कोने में चार हजार से ज्यादा पौधे लगाए हैं। गरिमा की इस कोशिश से उनके घर के साथ-साथ आस-पास की हवा शुद्ध हो गई, नतीजा एयर क्वालिटी पहले से काफी बेहतर हो गई।
गरिमा के इस ऑक्सीजन हब की चर्चा इतनी बढ़ गई कि केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया खुद इसे देखने पहुंचे. उन्होंने कहा, यह तो सच में स्वर्ग जैसा है! न सिर्फ मंत्री, साथ ही कई बड़े अधिकारी और पर्यावरण प्रेमी भी इस बगीचे को देखने आ चुके हैं। गरिमा वैश्य पेशे से होम्योपैथ डॉक्टर हैं, लेकिन उनकी असली पहचान एक पर्यावरण प्रेमी के रूप में बनी है. उनके माता-पिता को भी पौधे लगाने का शौक था. पिता के निधन के बाद उन्होंने इस शौक को अपना लक्ष्य बना लिया और पेड़-पौधों को ही अपना परिवार बना लिया. उन्होंने शादी भी नहीं की और अपनी जिंदगी पूरी तरह प्रकृति को समर्पित कर दी है।
