पटवारी ने धान उपार्जन में घोटाले का आरोप लगाते हुए प्रधानमंत्री को लिखा पत्र

भोपाल, 07 मार्च (वार्ता) मध्यप्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने राज्य में धान उपार्जन में घोटाले का आरोप लगाते हुए इस मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) से जांच कराने की मांग को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखा है।
श्री पटवारी ने अपने पत्र में लिखा है कि प्रदेश में धान उपार्जन में बड़े पैमाने पर घोटाला सामने आया है, जिसमें अधिकारियों की मिलीभगत और सरकारी संरक्षण से किसानों के हक पर डाका डाला गया है। यह घोटाला कई सौ करोड़ रुपए का होने का संदेह है, लेकिन राज्य सरकार इसे दबाने का प्रयास कर रही है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश की आर्थिक अपराध शाखा द्वारा 12 जिलों में की गई छापेमारी में 150 उपार्जन समितियों और 140 वेयरहाउसों में भ्रष्टाचार के प्रमाण सामने हैं। अब तक की जांच में 19,910.53 मैट्रिक टन धान की हेराफेरी के सबूत मिले हैं, जिसकी कीमत लगभग 5 करोड़ रुपए आंकी गई है। सतना के एक वेयरहाउस में तो धान की जगह 535 क्विंटल भूसी पाई गई, जो दर्शाता है कि यह घोटाला कितने सुनियोजित तरीके से किया गया।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार किसानों को ठगने का काम कर रही है। पहले तो समर्थन मूल्य पर धान खरीद में गड़बड़ी की गई और अब किसानों की उपज को भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ा दिया गया। अगर इस घोटाले की निष्पक्ष जांच नहीं हुई, तो यह किसानों के साथ घोर अन्याय होगा। इसके साथ ही उन्होंने इस कथित घोटाले की जांच सीबीआई से करवाने की मांग की।

Next Post

नगरीय क्षेत्रों में मुख्यमंत्री ई-रिक्शा योजना

Fri Mar 7 , 2025
भोपाल, 07 मार्च (वार्ता) मध्यप्रदेश में ऑटो रिक्शा चलाने वाले हितग्राहियों की आमदनी बढ़ाने और शहर को प्रदूषण मुक्त रखने के मकसद से नगरीय विकास एवं आवास विभाग ने इस वर्ष से मुख्यमंत्री ई-रिक्शा योजना लागू करने का निर्णय लिया है। आधिकारिक जानकारी के अनुसार योजना के अंतर्गत पहले चरण […]

You May Like