नयी दिल्ली (वार्ता) रॉयल रेंजर्स फुटबाल क्लब और नेशनल यूनाइटेड सपोर्टिंग क्लब ने गुरुवार को डीपीएल में खेले गये अपने-अपने मुकाबलों में जीत दर्ज कर पूरे अंक अर्जित किए।
आज यहां नेहरू स्टेडियम परिसर में खेले गए मैच में रॉयल रेंजर्स ने फ्रेंड्स यूनाइटेड को के एस शिखर और प्लेयर ऑफ द मैच बिजॉय गोसाईं के गोलों की मदद से 2-0 से तथा नेशनल ने वाटिका फुटबाल क्लब को 5-0 से परास्त किया। विजेता के लिए प्लेयर ऑफ द मैच धनचंद्र ने दो और बिस्वास, चोगलोई औऱ डिमगेल ने एक-एक गोल का योगदान दिया।
पहली प्रीमियर लीग की चैंपियन वाटिका की शुरुआत हमलावार रुख के साथ हुई लेकिन उसका जोश उस समय ठंडा पड़ गया जब 32 वें मिनट में टॉन्गलेनलाल चोगलोई ने अपनी टीम का खाता खोल दिया। मध्यातर के तुरंत बाद एस धनचंद्र सिंह ने गोल किया और वाटिका दबाव में आ गई। धनचंद्र ने कुल दो गोल दागे। सीमान विश्वास और डिमगेल ने एक-एक गोल बांटे। फिलहाल डीपीएल में वाटिका को सबसे बड़ी हार का सामना करना पड़ा है l
रॉयल रेंजर्स ने अपने खराब फार्म से उबर कर फ्रेंड्स यूनाइटेड के विरुद्ध शानदार प्रदर्शन जरूर किया लेकिन गोल अंतर बड़ा हो सकता था। बिजॉय, यमन, शिखर औऱ हिमांशु ने बार बार विपक्षी रक्षापंक्ति को भेदा लेकिन गलत निशाने बाजी के चलते बड़ी जीत नहीं मिल पाई। रॉयल ने 18 मैचों में 31 अंक बना लिए है। फ्रेंड्स के 20 मैचों में 21 अंक है।
