
एरियर बिल तैयार करने मांगी रिश्वत
रंगे हाथों लोकायुक्त ने दबोचा
कटनी। परिवीक्षा अवधि समाप्त होने के उपरांत 10 वर्षों की वेतन वृद्धि एरियर राशि के बिल तैयार करने एवं भुगतान करवाने के एवज में रिश्वत की मांग करना
आईटीआई कटनी के बाबू संदीप बर्मन को महंगा पड़ गया। रिश्वतखोरी की शिकायत पर लोकायुक्त जबलपुर की टीम ने बाबू को रिश्वत की राशि लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
जानकारी के मुताबिक पुलिस महानिदेशक लोकायुक्त जयदीप प्रसाद के भ्रष्टाचार के विरुद्ध सख्त कार्रवाई किए जाने के निर्देश पर जबलपुर लोकायुक्त ने यह ट्रेप कार्यवाही की है। बताया जाता है कि आनंद चौधरी पिता सोनी लाल चौधरी अन्ना बाबा की गली बड़ा पत्थर राँझी जबलपुर की परिवीक्षा अवधि समाप्त होने के उपरांत 10 वर्षों की वेतन वृद्धि के एरियर राशि 8 लाख 50 हजार के बिल तैयार करने एवं भुगतान करवाने के एवज में 6 हजार रुपये रिश्वत की मांग आईटीआई कटनी के बाबू संदीप बर्मन द्वारा की जा रही थी। जिसकी शिकायत आनंद चौधरी ने लोकयुक्त जबलपुर से की थी। शिकायत सत्यापन के उपरांत आज 4 मार्च को शासकीय आई.टी.आई. कार्यालय में संदीप बर्मन को 5 हजार रुपये लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया।
