नयी दिल्ली, (वार्ता) भारतीय क्रिकेटर राहुल त्रिपाठी ने कहा है कि वर्ष 2017 में इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में पर्दापण करने पर कैप्टन कूल महेन्द्र सिंह धोनी की सलाह उसके लिए मददगार साबित हुई थी।
हाल ही में गगन नारंग स्पोर्ट्स फाउंडेशन की पहल हाउस ऑफ ग्लोरी पॉडकास्ट में राहुल त्रिपाठी ने बताया कि उन्होंने लीग के दसवें सत्र के दौरान आईपीएल में पदार्पण किया। उस समय वह माही के साथ राइजिंग पुणे सुपरजायंट्स टीम का हिस्सा थे। फ्रैंचाइजी के लिए अपने पहले मैच से पहले, पूर्व भारतीय कप्तान धोनी ने त्रिपाठी की घबराहट को शांत करने में मदद की थी।
उन्होंने कहा, “अपना पहला मैच खेलने से दो दिन पहले मैं ड्रेसिंग रूम में उन्हें देख रहा था। उन्होंने मुझे बुलाया और कहा कि मैं कुछ भी अतिरिक्त करने या सोचने का प्रयास न करूँ और मैं प्रशिक्षण के दौरान जिस तरह से खेल रहा था, वैसा ही खेलने को कहा। इस सलाह से मेरा आत्मविश्वास बढ़ा। माही की सलाह ने वास्तव में मेरी घबराहट को शांत किया।”
उन्होंने कहा, “मैं भाग्यशाली हूं कि मुझे उनके साथ समय बिताने का मौका मिला। क्रिकेट जगत में कई लोगों का सपना होता है कि वे उनके साथ क्रिकेट के अनुभव साझा करें और उनके साथ खेलें।”
लंबे इंतजार के बाद आखिरकार राहुल ने 31 साल की उम्र में जनवरी 2023 में श्रीलंका के खिलाफ टी-20 सीरीज के दौरान भारत के लिए अंतरराष्ट्रीय मैच में पर्दापण किया।
राहुल ने उस पल को याद करते हुए कहा जब उन्हें अपनी पहली टी-20 कैप मिली थी। अपनी कड़ी मेहनत और धैर्य के अलावा, राहुल ने अपनी सफलता का श्रेय पूर्व भारतीय क्रिकेटर धोनी और भारतीय टीम के बल्लेबाजी कोच अभिषेक नायर को दिया।
