जबलपुर: बेलखाडू के समीप बघोड़ा ग्राम पर निकलने वाली परियट नदी पर बन रहे नए पुल का निर्माण कार्य कछुआ गति से चल रहा है। जिसमें देखा गया है कि पिछले वर्ष से शुरू हुए बघोड़ा पुल पर नए ब्रिज का निर्माण कार्य अभी तक 50 प्रतिशत भी पूरा नहीं हो पाया है। बीच में इस ब्रिज का काम पूरी तरह से बंद हो गया था, लेकिन कुछ दिनों पूर्व ही इस ब्रिज का काम चालू हुआ है। परंतु जिस गति से यह कार्य किया जा रहा है, उसको देखकर यह अंदाजा लगाया जा सकता है कि इस वर्ष भी बघोड़ा पुल का निर्माण कार्य पूरा नहीं हो पाएगा। जिसके कारण बारिश में नदी का उफान आने के कारण लोगों को फिर से समस्याओं का सामना करना पड़ेगा।
पुल तक आ जाता है पानी
ग्राम बाघौड़ा से परियट नदी पर आम दिनों में पानी पुल के बिल्कुल नीचे से बहता है,लेकिन जब नदी का बहाव बढ़ जाता है तो पानी पुल के ऊपर से बहने लगता है। इसके अलावा बरसात के मौसम में यहां पुल से लगभग 5 से 10 फिट की ऊंचाई तक बहता है। यहां तक की कई दिनों तक इस पुल से आवागमन भी बंद हो जाता है, जिससे ग्रामावासियों को आने जाने में काफ़ी समस्याओं का सामना करना पड़ता है। इस परेशानी को देखते हुए यहां नए पुल का निर्माण किया जा रहा है, लेकिन वह भी कछुए की रफ्तार से चल रहा है।