सोन नदी जोगदहा घाट के जर्जर पुल में आवागमन फिर हुआ अवरूद्ध

० जर्गातार चार पहिया वाहनों के पहुंचने से लग रहा था भारी जाम, अमिलिया पुलिस के पहल पर पीडब्ल्यूडी ने पुल के दोनो ओर मिट्टी का लगाया ऊंचा ढेर

नवभारत न्यूज

सीधी/अमिलिया 27 अप्रैल। बहरी-हनुमना मार्ग में स्थित सोन नदी के जोगदहा घाट में स्थित जर्जर पुल में आज से फिर चार पहिया समेत अन्य वाहनों की आवाजाही बंद हो गई है। जर्जर पुल में चार पहिया वाहनों के काफी संख्या में पहुंचने से लग रहे जाम की समस्या को दूर कराने के लिये अमिलिया पुलिस की पहल पर पीडब्ल्यूडी ने आज सुबह से ही मिट्टी के ऊंचे ढेर पुल के दोनो तरफ लगवा दिया है। जिससे वाहनों की आवाजाही बंद हो सके।

दरअसल सोन नदी जोगदहा पुल के काफी जर्जर होने के कारण सेतु विभाग के इंजीनियरों द्वारा परीक्षण के पश्चात इसको खतरनाक एवं जोखिम भरा बताया था। इसी वजह से डेढ़ वर्ष के ऊपर समय से जर्जर पुल के ऊपर से भारी वाहनों की आवाजाही को प्रतिबंधित किया गया है। बाद में लोगों की मांग पर हल्के चार पहिया वाहनों को पुल के ऊपर से निकलने की अनुमति दी गई थी। इसी की आड़ में रात में भारी वाहन भी मौका देखकर गुजर रहे थे।

अभी वैवाहिक कार्यक्रमों की भरमार के चलते पुल के ऊपर चार पहिया वाहनों का लम्बा जाम लग रहा था। सूचना मिलने पर अमिलिया पुलिस टीम के पहुंचने पर ही पुल पर लगने वाला जाम खत्म होता था। लगातार इस तरह जाम की समस्या को देखते हुये अमिलिया पुलिस की पहल पर आज तडक़े पीडब्ल्यूडी विभाग द्वारा पुल के दोनो ओर मिट्टी के ऊंचे-ऊंचे ढेर लगवा दिये गये। जिससे पुल के ऊपर से चार पहिया वाहन भी न निकल सकें। पुल के ऊपर से अब केवल किसी तरह दो पहिया वाहन ही निकल पा रहे हैं। आटो रिक्शा की आवाजाही भी बंद हो जाने से सबसे ज्यादा समस्या सवारियों को होने लगी है। पुल के दोनो तरफ काफी संख्या में सवारी पहुंच रहे हैं। सिंगरौली और सीधी की ओर से कई बसें पुल के समीप तक पहुंचती हैं। इसके बाद सवारी पैदल पुल को पार कर दूसरी अपने सामान के साथ काफी मशक्कत के साथ पहुंच रहे हैं।

००

व्यवस्था में सहयोग कर रही पुलिस: राकेश

अमिलिया थाना के नगर निरीक्षक राकेश वैस ने नवभारत से चर्चा के दौरान कहा कि सोन नदी के जोगदहा घाट स्थित जर्जर पुल में लगातार वाहनों का जाम लग रहा था। पुलिस के जाने पर ही हमेशा जाम खुलता था। पीडब्ल्यूडी द्वारा जर्जर पुल के दोनो तरफ मिट्टी डालकर वाहनों की आवाजाही बंद की गई है। पुलिस केवल व्यवस्था बनाने में सहयोग कर रही है। आगे यदि मिट्टी रात में हटाने का प्रयास किया गया तो फिर कोई व्यवस्था बनाई जायेगी।

००

इनका कहना है

सोन नदी के जोगदहा घाट पर बने पुरानी पुल के जर्जर होने के बाद से ही बसों का आवाजाही पूरी तरह से बंद है। चार पहिया वाहनों एवं आटो रिक्शा गुजर रहे थे जिससे लोगों को आने-जाने में कुछ सुविधा मिल रही थी। आज सुबह पुल के दोनो तरह मिट्टी डाल देने से चार पहिया वाहनों का निकलना भी बंद हो गया है।

चंद्रशेखर कोल, चमरौहा

जर्जर पुल के समीप नई पुल का निर्माण हो रहा है। करीब 75 प्रतिशत पुल का निर्माण हो चुका है। शेष काम काफी धीमी गति से किया जा रहा है जिससे सोन नदी के जोगदहा घाट की जर्जर पुल से ही लोगों का आना जाना कुछ हद तक हो रहा था। आज से मिट्टी डाल देने से पुल के दोनो तरह से चार पहिया वाहनों की आवाजाही भी बंद हो गई है।

संजय साहू, नकझर खुर्द

सोन नदी के जोगदहा घाट में निर्माणाधीन पुल का निर्माण कार्य जल्द से जल्द पूर्ण कराया जाए जिससे स्थाई रूप से आवागमन की सुविधा बहाल हो सके। जाम की समस्या के चलते बीच-बीच में पुल से आवागमन पूरी तरह से बंद करा दिया जाता है जिससे जनता परेशान होती है।

कमलेश कुमार साकेत, अमिलिया

००००००००००००००००

Next Post

संजय टाइगर रिजर्व में बाघिन के चार शावक कर रहे अठखेलियां

Sat Apr 27 , 2024
Share on Facebook Tweet it Share on Reddit Pin it Share it Email ० दुबरी अभ्यारण्य में बाघों का बढ़ रहा तेजी से कुनबा, बाघों की चौकसी में लगा वन अमला नवभारत न्यूज सीधी 27 अप्रैल। संजय टाइगर रिजर्व सीधी से लंबे समय बाद खुशखबरी आई है। यहां बाघिन टी-28 […]

You May Like

मनोरंजन